एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन बीएलओ सम्मानित

0
378

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिले में शत-प्रतिशत ई-फॉर्म (ईएफ) डिजिटाइजेशन पूर्ण करने वाले तीन बीएलओ को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलैक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया। डीएम ने प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर उन्हें प्रोत्साहित किया तथा शेष कार्मिकों को भी समय से कार्य निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर कार्यक्रम में पारदर्शिता व सटीकता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। समारोह के दौरान बताया गया कि कायमगंज विधानसभा क्षेत्र-192 के भाग संख्या 140 नसरुल्लापुर के बीएलओ रंजीत कुमार, भोजपुर विधानसभा-195 के भाग संख्या 267 दान मंडी के बीएलओ ममता दीक्षित और यही विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या

[adrotate banner="3"]

214 के बीएलओ मधूप कुमार शाक्य ने 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य समय से पूर्व पूरा किया है। डीएम ने कहा कि ऐसे प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत बनाते हैं। मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता में जिलाधिकारी द्विवेदी ने एसआईआर के प्रथम चरण की अंतिम तिथि 4 दिसंबर बताई और जनता से अपील की कि बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए गणना फार्म शीघ्र भरकर जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्म भरने में कठिनाई होने पर पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, लेखपाल और बीएलओ से सहायता ली जा सकती है, ये कर्मचारी फार्म भरकर मतदाता से सत्यापित कर हस्ताक्षर कराने के बाद जमा करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी प्रकार की भ्रांति में न रहें, किसी वैध मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि गणना फार्म ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन भी भरा जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर मतदाता बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं तथा गलत या अपूर्ण विवरण पर नोटिस जारी किया जाएगा, जिसके लिए निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। जिलाधिकारी ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ बताते हुए आग्रह किया कि एसआईआर को लेकर जनता में यदि कोई गलतफहमियां फैली हों तो उन्हें दूर किया जाए और सही जानकारी जन-जन तक पहुँचाई जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शी पुनरीक्षण प्रक्रिया से मतदाता सूची अधिक शुद्ध और भरोसेमंद बन सकेगी, जिसके लिए जनसहयोग और मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

[adrotate banner="2"]