आजीवन कारावास के मामले में वांछित वृद्ध ने फांसी लगाकर दी जा

फर्रुखाबाद:( मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर निवासी 82 वर्षीय वृद्ध नरेंद्र सिंह चंदेल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार नरेंद्र सिंह पुत्र बड़े सिंह चंदेल का वर्ष 1992 में गांव के ही महेश सिंह के परिवार से विवाद हो गया था। 17 फरवरी 1992 को हुए इस विवाद में महेश सिंह की मृत्यु हो गई थी। मामले में मोहम्मदाबाद थाने में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें नरेंद्र सिंह का नाम भी शामिल था। पुलिस कार्रवाई के बाद नरेंद्र सिंह समेत अन्य आरोपियों ने जेल की सजा काटी थी। बताया गया कि मामले के चार अन्य आरोपी साथियों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।मृतक के पुत्र उदय प्रताप ने बताया कि उनके पिता को आजीवन कारावास की सजा हुई थी और वर्ष 2015 में हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिली थी। कुछ दिन पूर्व हाईकोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद वह पुलिस से बचते हुए अपनी पुत्री रेखा के यहां जनपद मैनपुरी चले गए थे। गुरुवार रात करीब 9 बजे ग्रामीणों ने उन्हें दाऊदपुर गांव में देखे जाने की सूचना दी थी। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे जब ग्रामीण शौच के लिए खेतों की ओर गए तो नरेंद्र सिंह का शव गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी मीना देवी, पुत्र उदय प्रताप व आदित्य मौके पर पहुंचे और शव देख बिलख पड़े।बताया गया कि नरेंद्र सिंह छह भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार के चार भाइयों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने डायल-112 पर कई बार फोन मिलाने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बाद में मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।