आगरा में धर्मांतरण मामले का आरोपी नंद किशोर गिरफ्तार

0
124

nand kishorलखनऊ:आगरा में धर्म परिवर्तन कराने के मुख्य आरोपी नंदकिशोर वाल्मिकी को आज आगरा के सदर क्षेत्र में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देश की सियासत गरमाने वाले धर्म परिवर्तन मामले में आरोपी नंदकिशोर वाल्मीकि मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आगरा पुलिस ने करीब एक हफ्ते से फरार चल रहे नंद किशोर पर पांच हजार रुपये ईनाम भी रखा था। इसके बाद ईनामी धनराशि 12 हजार रुपये कर दी गई थी।

[adrotate banner="3"]

नंदकिशोर की तलाश में पुलिस ने कई जगह पर छापामारी करने के बाद 13 दिसंबर देर रात दबिश देकर एटा से नंद किशोर के पुत्र को गिरफ्तार किया था। एटा से पुलिस नंदकिशोर के पुत्र को लेकर आगरा आ गई थी। पुत्र की गिरफ्तारी के बाद से नंदकिशोर वाल्मिकी भी दबाव में था।

आगरा के देवरी रोड पर वेद नगर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के धर्म जागरण मंच ईसाई परियोजना और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आठ दिसंबर करीब 60 मुस्लिम परिवारों का धर्म परिवर्तन कराया था। हिंदु धर्म में घर वापसी नाम से हुए कार्यक्त्रम के अगले दिन ही मुस्लिम परिवारों ने उन्हें धोखा देकर धर्म बदलवाने के आरोप लगाए, जिसके बाद आगरा से लेकर संसद तक में सियासत गर्म हो गई। अगले दिन ही परिवारों संग कार्यक्रम में शामिल रहे इस्माइल ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के धर्म जागरण मंच ईसाई परियोजना के नंद किशोर वाल्मीकि के खिलाफ थाना सदर में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें प्लॉट आदि दिलाने का वादा कर धोखे से धर्मातरण का आरोप लगाया गया है। इसके बाद से ही पुलिस नंद किशोर की तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पा रही थी। नंद किशोर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस भाजपा नेताओं के भी संपर्क में थी। आज भाजपा के ही एक जनप्रतिनिधि नंद किशोर वाल्मीकि को लेकर पुलिस के पास पहुंचे। इसके बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई, हालाकि अभी अधिकारी अधिकृत रूप से इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

धर्म परिवर्तन के मामले के मुख्य आरोपी नंदकिशोर वाल्मिकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की आठ टीमें शहर के आलावा पड़ोसी जनपदों में दबिश दे रही थीं। पुलिस को अनुमान था कि नंदकिशोर एटा में ही ठहरा हुआ था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह भाग निकलने में सफल रहा। एटा में पुलिस ने उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया था। तस्कर से धर्म का ठेकेदार बने नंदकिशोर की हिस्ट्री पुलिस खंगाल रही है। धर्मातरण मामले में गिरफ्तारी को लेकर पुलिस के भारी दबाव के चलते नंदकिशोर वकीलों से संपर्क करके सरेंडर करने की कोशिश में भी था। इसे देखते हुए पुलिस ने अदालत परिसर में निगरानी बढ़ा दी थी।

गौरतलब है आगरा में आठ दिसंबर को देवरी रोड स्थित वेद नगर में दर्जनों मुस्लिम परिवार धर्मांतरण के बाद हिंदू हो गये थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धर्म जागरण प्रकल्प व बजरंग दल के कार्यकर्ता तीन महीने से इनके बीच सक्रिय थे। आठ को सभी को स्नान कराया। गाय के गोबर से भूमि पर लेप कराया और उन्हीं से हवन कुंड बनवाया। इसके बाद वहां काली माता की प्रतिमा स्थापित करवा कर हवन-पूजन शुरू हुआ। शास्त्रीजी ने सभी को कलावा बांध कर तिलक लगाया। पुरुषों को जनेऊ भी धारण कराया। हवन कुंड में पूर्णाहुति के बाद सभी ने अपने सिर पर रखी टोपियां भी उतार दी थीं। मामले ने काफी तूल पकड़ा और पुलिस इस कार्यक्रम के आयोजक नंद किशोर को तलाश रही थी।

[adrotate banner="2"]