अमर वाणी : समाजवादी पार्टी भत्ता के साथ-साथ कट्टा भी देगी

0
105

फर्रुखाबादः राष्ट्रीय लोकमंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर सिंह ने लोकमंच की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद जयप्रदा के साथ पहुंचकर आज क्रिश्चियन कालेज फील्ड में  लोकमंच प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा में कांग्रेस, सपा, बसपा व भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने स्थानीय सांसद सलमान खुर्शीद को निशाना बनाया। वहीं उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार भत्ता के साथ-साथ कट्टा भी देगी। वहीं उन्होंने मुलायम सिंह यादव को सर्कस वाला जोकर बताया।

[adrotate banner="3"]

अमर सिंह ने टू जी स्पेक्ट्रम मामले में कांग्रेस व सलमान खुर्शीद पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वित्त मंत्री पी चिदम्बरम टू जी घोटाले में फंसते नजर आये तो कानून मंत्री उनकी पैरवी करते दिखे।

उन्होंने बटला हाउस और उसमें 12 साल के बच्चे के कत्ल पर भी कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि सलमान ने बटला हाउस के मामले में अपनी टांग अड़ाई। देश के कानून मंत्री होने के बावजूद भी उन्होंने उस बच्चे के कत्ल को फर्जी करार दे दिया। पी चिदम्बरम को बचाने में सलमान ने यह साबित कर दिया कि वह चिदम्बरम से अपनी दोस्ती निभा रहे हैं और वह भूल गये कि वह देश के कानून मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा कि चिदम्बरम को भी टू जी और बटला हाउस मामले में इस्तीफा देना चाहता हूं।

उन्होंने कानून मंत्री के ऊपर गुस्सा दिखाते हुए कहा कि आप लोगों से अपील है कि लुईस खुर्शीद को वोट न दें। अगर सलमान अपने मंत्री पद छोड़ने को तैयार हो जाये ंतो लोक मंच को एक किनारे रख मैं उन्हें अपने कंधों पर बिठा लूंगा।
सलमान की सोनिया गांधी को बाटला हाउस की तस्वीर दिखाने पर रोने वाली बात को लेकर अमर बोले कि सोनिया बहादुर महिला हैं उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरागांधी व अपने पति की हत्या के बावजूद भी आंसू नहीं बहाये तो उन फोटो को देखकर क्या बहाये होंगे। सलमान का यह वयान बिलकुल निराधार है।

मुलायम सिंह के आरक्षण को लेकर अमर सिंह बोले कि आरक्षण के नाम पर यह लोग मुसलमानों की नीलामी कर रहे हैं। अमर सिंह ने कहा कि 20 प्रतिशत एक, 20 प्रतिशत दो, 20 प्रतिशत 3 और बिक गया मुसलमान। वह बोले कि मत देना उर्मिला को वोट। क्योंकि मुलायम और उनका बेटा अखिलेश कहते हैं कि आप हमे सत्ता दीजिये हम आपको भत्ता देंगे। लेकिन मैं आपसे कहता हूं कि मुलायम सिह का कहना यह है कि आप हमंे सत्ता दीजिये हम आपको भत्ता और कट्टा दोनो देंगे। मुलायम सिंह पर प्रहार करते हुए वह बोले कि मुलायम अब बलात्कार पीड़ित महिला से डाक्टरी सर्टिफिकेट मांग रहे हैं और कह रहे हैं कि आप बलात्कार का सर्टिफिकेट लाइए हम आपको नौकरी देंगे।
इस पर उन्होंने शायराना अंदाज में कहा-
इस रंग बदलती दुनियां में इंसान की नियत ठीक नहीं,
निकला न करो तुम सज धज कर ईमान की नीयत ठीक नहीं।

उन्होंने कहा कि मुलायम ने मुझे दाड़ी और टोपी वाला मुसलमान कहकर संबोधित किया और वह मुझे बाल्टी वाला बाबा कहते हैं। अमर सिंह ने मुलायम के साथ सपा के कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा कि जब मैं सपा में था तो साइकिल का एक पहिया मैं दूसरा मुलायम सिंह थे। एक पहिया तो मैं अलग हो गया अब मुलायम सिंह एक पहिये की साइकिल पर सर्कस वाले जोकर हैं।

बसपा व भाजपा को भी उन्होंने चारो तरफ से घेरा। अंत में उन्होंने कहा कि मैं खामोश रहूं तो बेहतर है लव खुलेंगे तो उतर जायेंगे चेहरे सारे।

अमर सिंह ने अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी प्रमोद चौहान, भोजपुर विधानसभा क्षेत्र से हरगोविंद सिंह, सदर विधानसभा क्षेत्र से शिवेन्द्र विक्रम के समर्थन में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकमंच को सभी के विकल्प के रूप में आपके सामने लेकर आया हूं। अगर आपने लोकमंच के प्रत्याशियों को जिताया तो वादा करता हूं कि अमर सिंह कभी अपनी बात से नहीं मुकरेंगे।

वहीं लोकमंच की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयप्रदा ने भी लोकमंच के प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताने की अपील की।

इस दौरान लोकमंच के प्रदेश सचिव व युवा प्रभारी फर्रुखाबाद आनंद विक्रम सिंह के अलावा, जिलाध्यक्ष राहुल दुबे,  धनसिंह शाक्य, अबधेश शाक्य, शमशुद्दीन मंसूरी, अनरुद्ध प्रताप सिंह, बाबी सक्सेना, कुसाग्र भदौरिया, आयुष पुरवार आदि भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

[adrotate banner="2"]