अघोषित बिजली कटौती न रुकी तो सड़कों पर उतरेंगे व्यापारी : इकलाख

0
101

फर्रुखाबाद: अघोषित बिजली कटौती शहर में हो रही चोरियों का मुख्य कारण बनी हुई है। अंधेरे की आड़ में चोर आसानी से दुकान व मकानों को अपना निशाना बना रहे हैं और पुलिस अपना क्राइम ग्राफ बढ़ाना नहीं चाहती जिससे वह व्यापारियों के मुकदमें लिखने में ही कतराती है। यह कहना है व्यापार मण्डल के नेता इकलाख खां का। उन्होंने कहा कि अगर बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो शहर के व्यापारी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

[adrotate banner="3"]

लिंजीगंज में हुई तेल व्यापारी प्रमोद गुप्ता के दुकान में लाखों रुपये की तेल चोरी की जानकारी होने पर पहुंचे व्यापारियों ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस की घटिया कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त किया। इस दौरान व्यापारी नेता इकलाख खान ने नखास चौकी प्रभारी संतोष भारद्धाज, तिकोना चौकी प्रभारी छत्रपाल सिंह व घटियाघाट चौकी प्रभारी इनाम सिंह यादव को हटाये जाने की मांग की। व्यापारी नेता इकलाख ने कहा कि इन चौकी इंचार्जों के क्षेत्र में ही चोरी की बारदातें अधिक हो रहीं हैं। चोरी के बाद पुलिस मुकदमें नहीं लिखती और पीड़ित कई दिनों तक भटकने के बाद चुप बैठ जाता है। उन्होंने कहा कि अब व्यापारी चुप नहीं बैठेंगे। अगर अघोषित बिजली कटौती को बंद नहीं किया गया और उक्त चौकी इंचार्जों को सम्बंधित चौकियों से स्थानांतरित नहीं किया गया तो व्यापारी नेता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इकलाख ने बताया कि अघोषित बिजली कटौती को रोकने के सम्बंध में व्यापारी जिलाधिकारी से भी भेंट करेंगे।

[adrotate banner="2"]