फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा-बरेली हाईवे पर निसाई गांव जाने वाले मोड़ से करीब सड़क किनारे झाड़ियों में बुधवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। पास में मोटरसाइकिल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व घटना की जानकारी फील्ड यूनिट को दी। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य एकत्र किये।
मृतक की पहचान जनपद इटावा के थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के विचपुरी खेड़ा निवासी करन के रूप में हुई। शव की शिनाख्त उसके चचेरे भाई रंजीत कुमार ने की। रंजीत ने बताया कि करन थाना नवाबगंज के गांव नगला पूठा में 33 केवीए बिजली लाइन के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। मंगलवार को गांव से 14 लोग ट्रैक्टर द्वारा काम पर पहुंचे थे, जबकि करन अपनी मोटरसाइकिल से निकला था। रात करीब 8
बजे उसकी आखिरी बार साथी सचिन से बात हुई थी, जब उसने बताया था कि वह मोहम्मदाबाद पहुंच चुका है व 15 मिनट में पहुंच जाएगा, इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। घटनास्थल से पुलिस को मृतक का मोबाइल व एक देशी शराब का पौव्वा भी मिला है। पत्नी प्रीति, पुत्र प्रिंस और एक पुत्री का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन अमरपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का बता रही है।फॉरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में भी एक्सीडेंट की पुष्टि हुई है, फिर भी पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हल्का इंचार्ज सुरेश चाहर ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
सड़क किनारे मिला मजदूर का शव, हादसे की आशंका



