वृद्धाश्रम में बुजुर्गों संग पुलिस ने मनाई दीपावली, मिला आशीर्वाद

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली के पर्व पर जहां लोग अपने परिवार के साथ खुशियां मना रहे हैं। वहीं जनपद पुलिस ने इस त्यौहार को एक अलग ही अंदाज़ में मनाकर मानवता की मिसाल पेश की। सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे उन बुजुर्ग माता-पिता के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। जिन्हें या तो उनके अपने बच्चों ने साथ रखने से इंकार कर दिया या फिर अन्य कारणों से उन्हें वृद्ध आश्रम में रहना पड़ रहा है।
एएसपी डॉ. सिंह ने बुजुर्गों को मिठाई खिलाई, नए वस्त्र भेंट किए और उनके साथ समय बिताया। पुलिस अधिकारियों के इस संवेदनशील कदम से वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के चेहरे पर लंबे समय बाद मुस्कान देखने को मिली। उन्होंने भावुक होकर एएसपी के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और कहा कि पुलिस ने हमें अपनेपन का एहसास दिलाया।इस अवसर पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रक्षा सिंह भी मौजूद रहीं।
उन्होंने भी बुजुर्गों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनके स्वास्थ्य एवं जरूरतों की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने आश्रम में दीप जलाकर, मिठाइयां बांटकरदीपावली का उल्लास फैलाया।एएसपी डॉ. संजय सिंह ने कहा कि दीपावली सिर्फ रोशनी का नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा और संवेदना का त्यौहार है। जिनके अपने नहीं हैं, उनके चेहरों पर मुस्कान लाना ही सच्ची दीपावली है। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने समाज के उस वर्ग के प्रति संवेदना दिखाई है, जो अक्सर अकेलेपन से जूझता है। दीपों की रोशनी के बीच जब वृद्धाश्रम में स्नेह और सम्मान की किरण जली, तो वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं, पर दिल गर्व और खुशी से भर उठा।