बाइक सवार ने ग्रामीण को पीट रुपये लूटे

फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) पल्लेदारी कर साइकिल से घर जाते समय रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने पल्लेदार को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। पल्लेदार से ढाई हजार रुपये और मोबाइल लूट कर भाग गए। पीड़ित ने थाने में बाइक सवार दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बछलैया निवासी कुलदीप कुमार रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद के मालगोदाम में पल्लेदारी का काम करता है। वह मंगलवार की रात पल्लेदारी कर साइकिल से घर जा रहा था। नवाबगंज क्षेत्र में रास्ते में एक स्कूल के पास बाइक सवार दो युवक मुंह ढाक कर आए और उसकी साइकिल के आगे अपनी बाइक लगा दी। इससे उसने साइकिल को रोक दिया। बाइक सवार युवक नीचे उतरे और उसको पकड़ कर मारपीट करने लगे। बदमाशों ने कुलदीप की जेब में रखे ढाई हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। जान से मारने की धमकी देकर बाइक सवार बदमाश भाग गए। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।