प्रदेश में तूफानी बारिश का अलर्ट,बिजली गिरने की सम्भावना,सीएम ने दिए तत्काल राहत के निर्देश

लखनऊ:भीषण गर्मी की मार झेल रहे उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम का यूटर्न देखने को मिला|प्रदेश के कई जिलो में तूफानी बारिश का प्रकोप रहा|जिसने मौसम में काफी बदलाव किया,अगले पांच दिनों तक तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। कहीं पेड़ गिरे तो कहीं कच्चे मकान ढह गए। जलभराव और रास्ते बाधित होने से आवागमन प्रभावित हुआ। कई क्षेत्रों की बिजली घंटों गुल रही। सहारनपुर,लखीमपुर खीरी से लेकर हरदोई तक हल्की बारिश हुई। इस बीच बिजली गिरने और आंधी बारिश के कारण हुए हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक के जिलों में हल्की से तेज बारिश के आसार हैं।
सीएम ने दिए जिम्मेदारो को तत्काल राहत के निर्देश:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश, ओलावृष्टि के तहत संबंधित जिलों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने फिरोजाबाद में बिजली गिरने से हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे कर राहत कार्यों पर नजर रखने और फसल नुकसान का आकलन कर शासन को रिपोर्ट भेजने को कहा। आपदा से जनहानि और पशुहानि की स्थिति में तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करने और घायलों के उपचार के निर्देश दिए।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के बताया कि शनिवार से प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश के दायरे और तीव्रता में बढ़ोतरी के आसार हैं। पूर्व और पश्चिमी हवाओं का समागम और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर शनिवार से पूरे प्रदेश में दिखेगा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवाओं के असर से प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।