नए वर्ष के जश्न में डूबा रहा शहर,आतिशबाजी के साथ चली पार्टियां

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नववर्ष 2026 के स्वागत में होटल, ढावों व सड़कों पर देर रात तक पार्टियां और आतिशबाजी होती रही, जबकि पुलिस ने कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त संभाला। वर्ष 2025 की विदाई और नववर्ष 2026 के स्वागत के जश्न में पूरा शहर रात भर डूबा रहा| जैसे ही घड़ी के तीनों कांटे रात 12 बजे एक साथ मिले, लोगों ने उत्साह के साथ नए साल का स्वागत किया। शहर के अनेक हिस्सों में जमकर आतिशबाजी की गई।

होटलों व ढाबों में रात आठ बजे के बाद ही युवाओं व परिवारों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। रात 10 बजे के आसपास जश्न अपने चरम पर पहुंच गया। डीजे की धुन पर युवक-युवतियां, बच्चे और परिवार पार्टी का आनंद लेते नजर आए। शहर के लगभग सभी होटल, रेस्टोरेंट,शहर से बाहर के ढाबे पूरी तरह भरे रहे। रात 10 बजे के बाद शहर की सड़कों पर कारों में सवार परिवार और युवाओं की चहल-पहल बढ़ गई। रात 12 बजते ही एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर भी मित्रों और परिजनों को बधाइयां भेजी जाती रहीं। नववर्ष की रात पुलिस का कड़ा बंदोबस्त पूरे शहर में नजर आया। कई चौराहों पर पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखी।