फर्रुखाबाद:(कंपिल) तेज रफ्तार दूध वाहन पिकअप ने घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बालिका को कुचल दिया। इससे बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसा देखकर वहां भीड़ लग गई। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
कंपिल थाना क्षेत्र के ग्राम अकराबाद निवासी मोहन उर्फ मटरू राजपूत बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। उसकी दो पुत्रियां मां रूपा के साथ गांव में रहती है। घर सड़क के नजदीक हैं। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे तीन वर्षीय छोटी बेटी प्रिया घर के बाहर खेल रही थी। उसी समय दूध ढोने वाली पिकअप तेज रफ्तार वहां से निकली। उसने खेल रही बालिका को रौंद दिया। यह देखकर गांव के लोग शोर मचा कर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देखकर चालक पिकअप लेकर भाग गया। पुत्री का शव देकखर मां रुपा और परिवार के अन्य लोग रोने बिलखने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां रूपा ने बताया कि उसकी दो पुत्रियों में प्रिया छोटी बेटी थी।
घर के बाहर खेल रही बालिका को पिकअप ने कुचला



