गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का विरोध, पीड़ित परिवार से मिलेगा प्रतिनिधि मंडल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने चिंता जताई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। महंगाई के कारण गृहस्थी का बजट प्रभावित हो रहा है और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार व्यवसायिक गैस सिलेंडरों के दाम में पहले 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई और अब उनकी आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, जिससे छोटे व्यापारियों और उनके यहां काम करने वाले श्रमिकों की आजीविका पर असर पड़ रहा है। कई स्थानों पर घरेलू उपभोक्ताओं, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है।
इसी क्रम में फर्रुखाबाद के मोहल्ला गढ़ी खानखाना मनिहारी निवासी बुजुर्ग मोहम्मद मुख्तार अंसारी की गैस सिलेंडर बुक कराने की लाइन में लगे रहने के दौरान हृदय गति रुकने से मौत हो जाने की घटना को कांग्रेस ने अत्यंत दुखद बताया है। इस मामले को गंभीर मानते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने वस्तुस्थिति की जानकारी लेने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल फर्रुखाबाद भेजने का निर्णय लिया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय की मंशा के अनुरूप पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल 15 मार्च को फर्रुखाबाद पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करेगा और घटना की जानकारी लेने के बाद स्थानीय प्रशासन से परिवार को न्याय दिलाने की मांग करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में कौशलेन्द्र यादव (पूर्व महासचिव उ.प्र. कांग्रेस कमेटी), शकुन्तला देवी (जिलाध्यक्ष), अंकुर मिश्रा (अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी), मृत्युंजय शर्मा (पूर्व जिलाध्यक्ष), पूर्ण प्रकाश शुक्ला उर्फ पुन्नी (पूर्व शहर अध्यक्ष), उजैर अली खान (वरिष्ठ कांग्रेस नेता), वरुण त्रिपाठी (जिला प्रवक्ता), हिलाल सैफकी (जिला सचिव), अनवर सादात (मीडिया प्रभारी) तथा मनोज कुमार (जिला सचिव) शामिल हैं। कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजबहादुर ने निर्देश दिए हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनपद की गैस एजेंसियों पर जाकर लाइन में लगे उपभोक्ताओं से मिलें और उनकी यथासंभव मदद करें, ताकि इस कठिन परिस्थिति में लोगों को राहत मिल सके।