कन्नौज जिला जेल से दो कैदी दीवार फांदकर फरार

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज के अनौगी स्थित जिला कारागार में जेल प्रशासन को चकमा देकर दो कैदी फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों कैदी जेल की दीवार फांदकर भाग गए। इस प्रकरण के सामने आने के बाद जिले में हंडकंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही जिला और पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर निरीक्षण किया है।
दरअसल जिला जेल से सोमवार को दो कैदी फरार हुए हैं। इसमें से एक कैदी चोरी और आर्म्स एक्ट में बंद था, जबकि दूसरा कैदी पॉक्सो एक्ट में बंद था। दोनों कैदियों की उम्र लगभग 22 साल बताई जा रही है। कन्नौज डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि दोनों कैदी जेल में बंद थे। एक कैदी जून महीने से बंद था और दूसरा कैदी दिसंबर महीने में बंद हुआ था। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि इस संबंध में जेल प्रशासन की ओर से एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। बताया कि जो भी बंदी रक्षक दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम आशुतोष ने बताया कि पुलिस अधीक्षक की ओर से पुलिस टीम लगा दी गई है। पुलिस टीमें भागे हुए दोनों कैदियों की लगातार तलाश कर रहे हैं।