पत्नी से विवाद में सैनिक फांसी पर झूला

Uncategorized

फर्रुखाबाद: कोतवाली फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के जेएनवी रोड के मोहल्ला सैनिक कालोनी निवासी सैनिक अरविंद उर्फ धु्रव राठौर पुत्र मुनेन्द्र सिंह राठौर ने बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मिली जानकारी के मुताबिक सैनिक अरविंद उर्फ धु्रव बरेली छावनी में आर्मी मेडिकल कोर में नायक के पद पर तैनात था। अरविंद तकरीबन 18 वर्ष पहले आर्मी में भर्ती हुआ था। 15 दिन पूर्व ही अरविंद घर से ड्यूटी पर गया था। रविवार को पुनः छुट्टी लेकर घर आ गया। परिजनों के अनुसार अरविंद मानसिक तनाव में रहता था। बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में अरविंद ने डिस के तार से छत के कुन्डे में फांसी लगा ली। लेकिन तभी अरविंद की पत्नी सरिता ने देख लिया। फांसी लगाते ही कुछ समय के बाद ही डिस का तार टूटने से अरविंद गंभीर अवस्था में नीचे आ गिरा। पत्नी सरिता ने जोर से आवाज लगायी तो अरविंद के पिता मुनेन्द्र राठौर ने दौड़कर अरविंद के गले में बंधा डिस का तार खोला और आनन फानन में मिलेट्री अस्पताल में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सैनिक अरविंद का पोस्टमार्टम कराया। अरविंद अपने पीछे पत्नी सरिता, 9 वर्षीय पुत्र सूरज व 13 वर्षीय पुत्री शिखा के अलावा पिता मुनेन्द्र राठौर, मां उर्मिलादेवी व एक छोटे भाई मुकेश को छोड़ गया। सैनिक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। सैनिक अरविंद के पुत्र सूरज ने मुखाग्नि देकर पिता का अंतिम संस्कार किया।

 

सैनिक का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

आर्मी अस्पताल में सुबह तकरीबन 11 बजे जब डाक्टरों ने सैनिक अरविंद उर्फ ध्रुव को मृत घोषित कर दिया तो जैसे अरविंद के परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। तकरीबन साढ़े तीन बजे अरविंद का पोस्टमार्टम किया गया। तत्पश्चात परिजन अरविंद के शव को लेकर घटियाघाट पहुंचे। घटियाघाट पहुंचने के कुछ समय बाद आर्मी की टुकड़ी मृतक सैनिक अरविंद के शव के पास पहुंची व सैनिकों ने पहले ध्रुव को तिरंगा उड़ाया। तिरंगा उड़ाने वालों में देवेन्द्र कुमार, मोहम्मद कलीम खान, रमेश कुमार व समरजीत शामिल थे। तत्पश्चात बैण्ड मास्टर हवलदार दशरथ ने गाजे बाजे के साथ सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित की वहीं गार्ड कमांडर हवलदार मानसिंह ने सेना की टुकड़ी के साथ मृतक सैनिक अरविंद को गार्ड आफ आनर दिया। इस दौरान सभी देखने वालों की आंखें नम हो गयीं। तिरंगा ओढे मृतक सैनिक अरविंद के अंतिम दर्शन करने वालों की भारी भीड़ मौजूद रही। सूबेदार बहादुर सिंह व कैप्टन सोहन सिंह ने मृतक की चिता पर पुष्पचक्र अर्पित किये व मृतक सैनिक अरविंद को अंतिम सलामी दी।

इस दौरान मौके पर मौजूद मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। मृतक सैनिक के मासूम पुत्र सूरज ने पिता के अंतिम संस्कार की सारी औपचारिकतायें पूरी कीं। तत्पश्चात मुखाग्नि देकर भगवान से अपने पिता की आत्मा की शांती की प्रार्थना की।