विवादित दीवार गिराने को लेकर फायरिंग, एक घायल

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बंगशपुरा में दो पक्षों में विवादित जमीन पर दीवार बनाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग के बाद हुई मारपीट में कुल्हाड़ी लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। सुबह-सुबह मोहल्ले में हुई फायरिंग से कई स्कूली बच्चे भी बाल-बाल बच गये।

जानकारी के अनुसार बंगशपुरा निवासी नन्हें पुत्र मोहम्मद शफी ने 15 दिन पूर्व 1लाख 75 हजार रुपये में जहीर निवासी माडल शंकरपुर से जमीन खरीदी थी। जिस पर नन्हें ने चार दिन पूर्व दीवार बना ली। विवादित जमीन पहले नईम पुत्र रुआबशेर की थी। चार दिन पूर्व नन्हें और नहीम में झगड़ा हुआ था। नन्हें ने इसकी तहरीर चौकी नखास में दी थी। नखास चौकी इंचार्ज एस के भारद्धाज ने 24 अगस्त को दोनो पक्षों को बुलाया था लेकिन दोनो पक्ष चौकी नहीं गये थे।

सोमवार को सुबह सात बजे नईम व उसके 10-12 साथियों ने आकर नन्हें की दीवार गिरा दी। विरोध करने पर जमकर फायरिंग की। मोहल्ले में सुबह-सुबह हुई जोरदार फायरिंग से कई स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गये। वहीं नन्हें की मामी ने फायरिंग से मना किया तो उनके ऊपर भी अमरुद्दीन ने फायर झोंक दिया। नहीम ने नन्हें पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे नन्हें गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी फोन से कोतवाली पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अमरुद्दीन उर्फ खलीफा व शाजिद निवासी न्यामतपुर भुकसी को हिरासत में ले लिया।

इस सम्बंन्ध में घोड़ा नखास चौकी इंचार्ज संतोष कुमार भारद्धाज ने बताया कि मामला जमीनी विवाद का है। झगड़े में एक युवक को धारदार हथियार से घायल किया गया है। फायरिंग की भी सूचना मिली है। यह जांच का विषय है कि फायरिंग हुई या नहीं। फिलहाल हिरासत में लिए गये दोनो युवकों का मेडिकल करा दिया गया है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।