भीषण बारिश से शहर में फिर घुसा घरों में पानी, नागरिक परेशान

Uncategorized

फर्रुखाबाद: बीते दिन से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को हुई। वहीं फर्रुखाबाद शहर के अन्य लोग भी इससे अछूते न रहे। बारिश में एक तरफ जहां लोग भीगते रहे वहीं कई लोग नगर पालिका के नालों के खुले मेनहोल में गिरकर घायल हो गये।

शहर की गूंगी व बहरी हो चुकी नगर पालिका अब कार्यप्रणाली के लिए हमेशा चर्चा में रहती है। फर्रुखाबाद में जलभराव की समस्या आज की ही नहीं वल्कि वर्षों पुरानी है। न जाने कितने चेयरमैन नगर पालिका के अधिशासी अभियंता, एमएलए, एम पी आकर और हवाई भाषण देकर कुर्सी से उतर गये। लेकिन जलभराव की समस्या जैसी की तैसी है। शहर का तलैया मोहल्ला हो, गंगा नगर कालोनी, भीकमपुरा हो या मदारबाड़ी, मित्तूकूंचा हो या बजरिया जहां देखिये नागरिक जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। लेकिन ऊंची कुर्सी वालों का नागरिकों की समस्याओं की तरफ कोई ध्यान नहीं है।

बीते तकरीबन एक माह पूर्व नगर पालिका के ईओ आर डी बाजपेयी को नाला मछरट्टे पर जलभराव से आक्रोषित लोगों ने ईओ को पकड़कर मारपीट कर दी थी। जिसके बावजूद भी नगर पालिका नहीं चेती और नाला मछरट्टे पर सड़क तोड़कर बनाये गये होल के चारो तरफ बाउन्ड्री कर दी। पिछली बरसात में बाउन्ड्री भी गर्त में चली गयी। बीते दो दिन से हो रही बारिश में शहर की हर गली व सड़क लगभग लवालव नजर आ रही है। नगर पालिका अपनी तरफ से कोई पुख्ता इंतजाम नहीं कर पा रही है।

आज हुई बारिश से तलैया फजल इमाम, मदारबाड़ी, छक्का नाजिर कूंचा, गंगा नगर कालोनी आदि मोहल्लों में भारी जलभराव हो गया। जलभराव की बजह से टूटी सड़कों व मुख्य मार्ग पर बने मेनहोलों में गिरकर कई बाइक सवार घायल हो गये। लेकिन इसकी परवाह किसी को नहीं। कई सड़कों का तो भुगतान कागजों में ही बनाकर कर दिया गया। सकड़ें आज तक नहीं बनीं। बारिश हो जाने के बाद फर्रुखाबाद शहर समंदर में तब्दील हो जाता है। कहने को तो फर्रुखाबाद शहर ऊंचाई पर बसा है जहां बाढ़ आने की संभावना न के बराबर है। लेकिन कुछ पलों की बारिश होने के बाद शहर का नजारा देखने लायक होता है। सड़कें मकान, जहां देखो लवालव पानी भरा दिखायी पड़ता है। नगर पालिका की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा का जीता जागता उदाहरण है।