पुलिस की सर का दर्द बना हत्या में प्रयोग किया गया टकोरा

Uncategorized

फर्रुखाबाद: प्रातः तकरीबन 6 बजे बीबीगंज चौकी के निकट सिकंदर शाक्य पुत्र फूलचन्द्र की उसके छोटे भाई अशोक शाक्य ने मामूली विवाद में टकोरा मारकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया लेकिन आरोपी द्वारा प्रयोग किये गये टकोरे की तलाश में पुलिस एक घंटे तक घटना स्थल के आस पास छानवीन करती रही लेकिन कामयाबी हासिल नहीं हुई।

सगे बड़े भाई सिकंदर शाक्य को मौत के घाट उतार देने के बाद पुलिस ने आरोपी अशोक को हिरासत में ले लिया था। पूछताछ के बाद आरोपी ने टकोरा से भाई पर हमला करने की बात को कबूला। लेकिन टकोरा कहां है इस बात पर आरोपी अशोक चुप्पी साध गया। काफी पूछताछ के बाद भी जब उसने टकोरे के बारे में जानकारी न होने की बात कही तो थानाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव आरोपी को घटना स्थल पर ले गये। खेत में चारो तरफ करौंदे के बाग हैं। जहां पर दोनो भाइयों में विवाद हुआ था। पुलिस को घटना स्थल पर पड़ा खून भी मिला। काफी देर पुलिस व क्षेत्रीय नागरिकों की मदद से आरोपी द्वारा प्रयोग किये गये टकोरे को करौंदे के बागों में खोजा गया लेकिन कामयाबी हासिल नहीं हुई। आरोपी ने यह तो कहा कि टकोरा यहीं कहीं फेंका है। कहां फेंका इस बात की जानकारी उसे नहीं है। वह तो हमला करके भाग खड़ा हुआ था। काफी देर बाद पुलिस बैरंग थाने आ गयी।

थानाध्यक्ष मऊदरवाजा हरपाल सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जायेगा।