गीतिका सुसाइड कांड: पूर्व मंत्री गोपाल कांडा का फिल्मी स्टाइल में सरेंडर, जेल गया

Uncategorized
  • एयर होस्टेस गीतिका शर्मा की आत्महत्या के मामले में आरोपी हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने शनिवार तड़के 4 बजे के करीब दिल्ली पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। कांडा अपने न्यूज चैनेल के एक वाहन में सवार होकर सीधे अशोक विहार थाने पहुंचा जहां पहले से ही उसका भाई मीडिया कर्मियों के साथ अपने भाई की अगवानी में खड़ा था कांडा व उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में गोपाल कांडा की आज पेशी के बाद उसे सात दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।गोपाल कांडा के भाई गोविन्द कांडा ने कल देर शाम मीडिया के सामने दावा किया था कि उसका भाई कुछ घंटों बाद अशोक विहार या भारत नगर थाने में सरेंडर कर सकता है। वह कोई भगौड़ा नहीं है। वे तो सिर्फ जमानत मिलने का इंतजार कर रहे थे। कांडा के भाई के इस दावे के तुरन्त बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। उधर, कांडा के सरेंडर की खबर पाते ही अशोक विहार थाने के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई दिल्ली पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे।

सायंकाल अशोक विहार पुलिस ने गोपाल कांडा को रोहिणी कोर्ट में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर कांडा को सात दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

इससे पहले, शुक्रवार को गीतिका सुसाइड केस में गोपाल कांडा को तब तगड़ा झटका लगा जब दिल्‍ली हाईकोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत की याचिका खारिज कर दी। अदालत ने याचिका रद्द करते हुए कहा कि यह उस व्यक्ति ने दायर नहीं की है जो गिरफ्तारी के भय से फरार है। न्यायमूर्ति पीके भसीन ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी ‘लगता है कहीं आराम से बैठा है और उसे पुलिस द्वारा अपनी गिरफ्तारी की आशंका नहीं है।’ और उचित तरीके से अधिकृत किए बगैर ही उसके भाई गोविंद कुमार ने उसकी ओर से अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की है। कोर्ट ने कहा कि न तो वकालतनामा और न ही हलफनामा आरोपी ने स्वयं दायर किया है और जिस व्यक्ति ने दस्तावेज पेश किए हैं उसे भी ऐसा करने के लिए अधिकृत नहीं किया गया है। उसकी सहयोगी तथा सह आरोपी अरुणा चड्ढा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है।

गोपाल गोयल कांडा के खिलाफ गीतिका शर्मा को आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। कांडा एमडीएलआर एयरलाइंस का मालिक है, जहां गीतिका बतौर एयर होस्टेस थी। वर्ष 2009 में एयरलाइंस ने काम करना बंद कर दिया था। गीतिका को कांडा के स्वामित्व वाली एक अन्य कम्पनी में पदस्थ कर दिया गया था। गीतिका का शव पांच अगस्त को उनके उत्तरी दिल्ली के अशोक विहार स्थित आवास पर पंखे से लटका हुआ पाया गया था। सुसाइड नोट में गीतिका ने कांडा व चड्ढा का नाम लिया था। गीतिका के भाई गौरव शर्मा के मुताबिक कांडा व चड्ढा ने उनकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था।