अखिलेश के रोजा इफ्तार से आजम व बुखारी नदारद

Uncategorized

सीएम अखिलेश यादव का रोजा इफ्तार और नगर विकास मंत्री आजम खां नदारद हों तो चर्चा तो होनी ही थी, हुई भी। खुल कर तो कोई नही बोल रहा था, लेकिन कई लोग सफाई देने के अंदाज में कहते सुने गए। अचानक जरूरी काम से रामपुर चले गए हैं। शहर में हों और आएं ना। ऐसा तो हो नहीं सकता। जामा मसजिद के शाही इमाम अहमद बुखारी भी नहीं आए वरना हवाओं का रुख कुछ और होता।

मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर एक साथ इतने रोजेदारों की भीड़ शायद ही पहले कभी दिखी हो। इस भीड़ को न तो सुरक्षाकर्मी संभाल पा रहे थे और न ही नेता। दुपल्ली टोपी और अंगोछा डाले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खुद ही गेट पर खड़े होकर एक-एक रोजेदार का इस्तकबाल किया। मुख्यमंत्री के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भी सबका अभिवादन किया। इफ्तार में राज्यपाल बीएल जोशी भी मौजूद थे। सरकार के वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव, वकार अहमद शाह, अंबिका चौधरी, रघुराज प्रताप सिंह, बलराम यादव, सांसद धर्मेन्द्र यादव हर रोजेदार से मिलकर उनका अभिवादन कर रहे थे।  मुख्यमंत्री शाम साढ़े पांच बजे से ही रोजेदारों के स्वागत के लिए खुद पांच कालिदास मार्ग के गेट पर आ खड़े हुए थे।