मीरा ने पति के वियोग में तो सुधा ने गृह कलह से तंग आकर खाया जहर

Uncategorized

फर्रुखाबाद: पड़ोसी जनपद हरदोई की नव विवाहिता मीरा ने पति के दिल्ली चले जाने से वियोग में बीती रात जहर खा लिया। मीरा के देवर ओमबीर ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया वहीं थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के के ग्राम आवाजपुर निवासी 25 वर्षीय सुधा पत्नी रामनाथ ने बुधवार को सुबह लगभग 7 बजे घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। गंभीर अवस्था में सुधा को उसके पति रामनाथ ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।

लोहिया अस्पताल में भर्ती सुधा के अनुसार उसके घर में आये दिन खाना लेट बनने को लेकर झगड़ा होता था। उसने बताया कि उसके दो छोटे बच्चे होने के कारण खाना लेट हो जाता है। जिसको लेकर उसके परिजन उसे डांटते रहते हैं। बीती शाम खाना को ही लेकर घर में झगड़ा हुआ। पति रामनाथ ने उससे मारपीट व गाली गलौज की। शाम को घर में किसी ने खाना भी नहीं खाया। रोज रोज की लड़ाई झगड़ों सेे तंग आकर सुबह 7 बजे सुधा ने घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। जिससे उसकी हालत बिगड़ गयी। हालत बिगड़ने पर उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी खबर सुधा के मायके रामपुर बेहटा निवासी पिता मुलायम सिंह को दी गयी।

वहीं पड़ोसी जनपद हरदोई के थाना पाली क्षेत्र के नगला कनारी निवासी मीरा पत्नी रामबीर ने पति के दिल्ली चले जाने के कारण रात साढ़े 11 बजे जहर खा लिया। परिजनों के अनुसार मीरा शाम सवाजपुर से बुखार की दवा लायी थी। जिसे उसने खाली पेट खाया है। देवर ओमबीर ने बताया कि दवा खाने से उसकी तबियत बिगड़ती गयी। रात साढ़े 11 बजे उसे सवाजपुर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डाक्टर के मना कर देने पर रात 2ः30 बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी मिली है कि मीरा के पति रामबीर पिछले तीन वर्ष से दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घटना के समय भी वह दिल्ली में ही हैं। मीरा देवर ओमबीर व अन्य परिजनों के साथ घर पर ही रहती थी। जिससे आये दिन उसका सास व अन्य परिजनों से झगड़ा भी होता रहता था। पति को सूचना दी गयी है।