जनता की सेवा करना सपा का कर्तव्य: मुलायम

Uncategorized

लखनऊ| समाजवादी विधान मण्डल दल की बैठक मंगलवार 5 कालिदास मार्ग, लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई जिसे विशेष तौर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने सम्बोधित किया। बैठक में आजम खां, शिवपाल सिंह यादव, अहमद हसन, माता प्रसाद पाण्डेय, अंबिका चौधरी, रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया तथा बलराम यादव आदि वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

मुलायम सिंह यादव ने मंत्रियों और विधायकों को राज्य के विकास को दृष्टिगत रखते हुए समर्पित और सचेष्ट होकर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया और उन्हें विरोधी ताकतों के प्रचार के प्रति सतर्क किया। उन्होने कहा समाजवादी पार्टी का रास्ता रोकने के लिए सभी ताकतें एकजुट हैं। उनके कुप्रचार के विरूद्ध सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुँचाना होगा। हमें स्वयं जनता के बीच रहकर मजबूती से काम करना चाहिए और हरहाल में सरकार बदलने का फर्क आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।

यादव ने याद दिलाया कि समाजवादी कार्यकर्ताओं ने पूरे पांच साल तक बसपा राज के कुशासन के खिलाफ कठिन संघर्ष किया। इसके फलस्वरूप ही यह सरकार अस्तित्व में आई और उससे जनता केा तमाम उम्मीदें है। सारी कठिनाईयों के बावजूद उन उम्मीदों को पूरा करने का उत्तरदायित्व सरकार पर है और इसमें कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी।

यादव ने कहा कि सभी ने चुनाव में पहले जो वायदे किए थे अब सबका कर्तव्य है कि उन्हें निभाएं। जनता की सेवा करना कर्तव्य है। सरकार तीव्रगति से काम करें। सरकार ईमानदार हो, कार्यकुशल हो और जनता के हित में काम करे। उन्होने कहा कि बसपा और समाजवादी पार्टी सरकार में फर्क है। यह स्पष्ट बहुमत की सरकार है। सरकार किसी भी तरह कमजोर नहीं है। भ्रष्टाचार पर रोक लगी है। विकास कार्यो पर जोर है। कानून का राज है। बजट जनसापेक्ष बना है। लोकतंत्र बहाल हुआ है। इसलिए जनता आप पर बहुत भरोसा कर रही है।

मुलायम सिंह यादव ने विधायकों, मंत्रियों को कहा कि वे वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों को भी ध्यान में रखें। इन चुनावों से केन्द्र में समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी हम पूरी ताकत से जीत दर्ज करा लेगें तो केन्द्र में कोई भी सरकार समाजवादी पार्टी के बिना नहीं बनेगी।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरकार बदलने के बाद लेागों की नजरों में फर्क आया है। लोगों की सतर्क दृष्टि सरकार के कामकाज पर है। अब अपने कामकाज से विधायकों और मंत्रियों को ऐसा उदाहरण रखना होगा कि यह फर्क दूर-दूर तक नजर आए। ऐसी छवि बनाएं जिसकी कल्पना जनता के मन में पहले से रही हो। यह सरकार जनता के लिए बनी है। इसलिए विधायकों को भी जनता की कसौटी पर खरा उतरना चाहिए। सरकार के जनहित कारी निर्णयों का प्रचार हो। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का सपना पूरा करने की दिशा में सबको मिलकर काम करना होगा।

यादव ने ताकीद की कि यदि किसी बात पर असहमति हो तो सार्वजनिक तौर पर उस पर चर्चा न कर नेतृत्व के समक्ष अपनी बात रखनी चाहिए। जनता से जुड़ी कठिनाइयों को दूर करना मंत्रियों और जन प्रतिनिधियों की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।