प्रेमिका ने पति के साथ मिल कर रुपये हड़पने को कर दी प्रेमी की हत्या

Uncategorized

फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम डाल नगला के पास मुख्य मार्ग पर ले जाकर एक युवक की बाइक सवार ने गोली मारकर हत्या कर दी। युवक की पहचान राजेश सक्सेना पुत्र बृजलाल के रूप में की गयी है। पुलिस हत्या का कारण जमीनी विवाद मान रही है। लेकिन जानकारों का मानना है कि राजेश सक्सेना अय्याश व सेक्स का शौकीन व्यक्ति था। जिसके अब तक तीन महिलाओ से प्रेम सम्बंध थे। इस समय तीनों महिलायें उसे छोड़कर जा चुकी थीं।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक राजेश पुत्र बृजलाल निवासी बजरिया हरलाल शाम तकरीबन साढ़े 6 बजेएक बाइक सवार के साथ बैठकर डाल नगला के तहसील मुख्य मार्ग पर आकर रुक गया और सड़क के किनारे खड़ी पतेल के पास बैठकर बाइक सवार व राजेश बातचीत करने लगे। काफी देर बातचीत करने के बाद अचानक दो फायरिंग की आवाज हुई और बाइक सवार राजेश को मौत के घाट उतार कर फरार हो गया। फायर की आवाज सुनकर आस पास जानवर चरा रहे लोग दौड़कर आये तो देखा युवक की मौत हो चुकी थी।  लोगों ने मऊदरवाजा थाना पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे मऊदरवाजा थानाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव ने बताया कि मृतक की जेब से खसरा खतौनी मिले हैं। जिनमें अमृतपुर का पता लिखा है। एसओ ने बताया कि युवक की पहचान राजेश पुत्र बृजलाल के रूप में की गयी है। राजेश अपने बजरिया स्थित आवास को तकरीबन तीन माह पहले बेचकर चला गया था। प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या जमीन के चक्कर में की गयी है। युवक राजेश के सिर में दो गोली लगी है। जिसकी मौके पर ही मौत हो गयी।

वहीं जानकारों का मानना है कि युवक राजेश सेक्स का काफी शौकीन था। जिसके अब तक कई महिलाओ से प्रेम सम्बंध हो चुके थे। वर्तमान में उसके अवैध सम्बंधों को लेकर एक महिला के पति ने उस पर जहर देने का भी आरोप बीते 15 जुलाई को लगाया था।

तीन प्रेमिकाओ के चक्कर में हुई राजेश की हत्या

जानकारी के अनुसार राजेश सक्सेना पुत्र बृजलाल की पहली लव मैरिज कुसुम लता के साथ आज से लगभग 20 वर्ष पूर्व हुई थी। कुसमलता के तीन लड़कियां व दो लड़के हैं। जिसमें से एक की शादी भी कर चुका है। कुसमलता व उसकी एक लड़की उसको छोड़कर कहीं चली गयी। एक लड़की व एक लड़का राजेश के साथ रहता है। इसके बाद राजेश ने अंगूरी बाग निवासी एक नर्स से प्रेम विवाह कर लिया। जोकि जहानगंज में तैनात है। नर्स से लगभग 10 वर्ष प्रेम सम्बंध बने रहे। लेकिन लगभग तीन वर्ष पूर्व राजेश का नर्स से भी कुछ मन उचट गया और उसने उसे छोड़ दिया। नर्स अब राजेश के छोटे भाई सर्वेश के साथ रहने लगी है।

अब राजेश व उसका एक पुत्र व पुत्री अकेले हो गये व अपने ही ड्राइवर जितेन्द्र उर्फ पप्पू पुत्र किशन पाल सिंह निवासी तिसौर राजेपुर के गिहार बस्ती स्थित एक मकान में किराये पर रहने लगा। दोनों में इतनी मित्रता हो गयी कि घरों पर आना जाना शुरू हो गया। जितेन्द्र की पत्नी बिट्टो देवी से राजेश के अवैध सम्बंध हो गये। जबकि राजेश सक्सेना के पहले से ही दो बीबियां रह चुकी थीं। जिनमें से एक बजरिया मोहल्ले में रहती थी है तथा एक अंगूरी बाग में जोकि नर्स थी।

इसी दौरान राजेश ने बजरिया स्थित मकान बेचकर जितेन्द्र की पत्नी बिट्टो को रुपये दे दिये। इसके बाद राजेश पर बिट्टो के पति जितेन्द्र ने जहर देने का भी 15 जुलाई को आरोप लगाया था। शंका जतायी गयी है की प्रेम सम्बंध में ही रुपया हड़पने को राजेश की हत्या प्रेमिका बिट्टो व उसके पति ने की है।