मेड़ के विवाद में चलीं गोलियां, 23 लोगों पर रिपोर्ट, आधा दर्जन गिरफ्तार

Uncategorized

नबावगंज (फर्रुखाबाद): थाना नबावगंज क्षेत्र के ग्राम नगला दुली में खेत की मेड़ बांधने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनो पक्षों में ईंट पत्थर चलने के बाद जमकर फायरिंग हुई। जिससे चार लोग घायल हो गये। पुलिस ने दोनो पक्षों के 23 लोगों पर मुकुदमा दर्ज कर आधा दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार नबावगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगला दुली निवासी अबधेश पुत्र गंगाराम गांव के ही पेशकार में मेड़ बांधने को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। शनिवार को पेशकार अपने खेत की मेड बांध रहे थे तो अबधेश ने टोका कि हमारी जगह में मेड क्यों बांध रहे हो। इसी बात को लेकर दोनो पक्षों में विवाद हो गया। उसके बाद दोनो पक्षों के लोग इकट्ठे हो गये। पहले दोनो पक्षों में जबर्दस्त ईंट पत्थर चले। बाद में जबर्दस्त फायरिंग भी हुई। तीन दर्जन से अधिक हुए फायर से पूरा गांव दहल गया। लोग अपने-अपने घरों में दुबक गये। आस पास के गांवों के लोग भी दहशत में आ गये। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनो पक्षों के आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।
झगड़े में एक पक्ष के मनोज कुमार, रामदास व दूसरे पक्ष से सुखपाल घायल हो गये। एक पक्ष के अबधेश सिंह ने फेरू सिंह, पेशकार, आर्येन्द्र, वीरेन्द्र, रक्षपाल, सुखपाल, हुकुम सिंह, राजीव, वीरेन्द्र, कुलुप सिंह, विनोद, महेश, हाकिम, डोली पुत्री वीरेन्द्र, राजीव, विजेन्द्र आदि लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं दूसरे पक्ष से सुखपाल सिंह ने अबधेश, अजीत, मनोज, देवेश आदि लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। सभी पर धारा 147, 148, 323, 336, 427, 504, 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।