नहीं खुल सका चोक नाला शहर में जलभराव की स्थिति गंभीर

Uncategorized

फर्रुखाबाद: बरसात किसी भी क्षण होने को है। बादल शहर के ऊपर मड़राने लगे हैं। लेकिन बरसात होने से पहले ही जो स्थिति नाला चोक होने से शहर की हो चुकी है इससे कई गुना अधिक भयाभय स्थिति चंद मिनटों की बारिश में शहर में दिखायी देगी। प्रशासन चोक नाला खुलवाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहा है लेकिन वर्षों से साफ नहीं किये गये नाले टस से मस नहीं हो रहे हैं। आज भी प्रशासन पूरा दिन छावनी मोहल्ले में जीजान से जुटा रहा। इसके बावजूद भी शाम तक नाले को खोलने में सफलता नहीं मिल पायी।

जेसीबी मशीन सुबह ही फिर अंगूरीबाग छावनी मोहल्ले पहुंच गयी और चोक नाले को खोलने का काम शुरू हो गया। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। लेकिन नाले की गहराई बहुत अधिक होने की बजह और नाले के ऊपर अवैध मकानों के निर्माण से नाला खोलने में काफी पापड़ प्रशासन को बेलने पड़ रहे हैं।

बीते दिन कई लोगों के मकान सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर ढहा दिये गये। बीच में नाले के ऊपर बनाया गया मंदिर भी ढहा दिया गया। जिसके बावजूद भी अभी तक नाले की स्थिति में कोई सुधार नहीं आया है। शहर के मोहल्ला तलैया फजल इमाम, गंगा नगर कालोनी, मोहल्ला छावनी के अलावा नरकसा में स्थिति बिलकुल समुद्र जैसी हो गयी है। लोगों का कहना है कि इस गंदे पानी से त्वचा सम्बंधी रोग शुरू हो रहे हैं। अब घरों व कारखानों में भी पानी घुस गया है।

ईओ नगर पालिका आर डी बाजपेयी ने इस सम्बंध में बताया कि नाले के ऊपर पीपल का पेड़ आ जाने की बजह से नाला अभी तक खुल नहीं पाया है। पीपल काटने का काम जारी है। कल शाम तक नाली को खोल दिया जायेगा।