फर्जी कंपनी के नाम पर पांच लाख का डीजल हड़पा

Uncategorized

फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सेन्ट्रल जेल चौराहा स्थित केवी फिलिंग स्टेशन के मालिक विजय यादव से फिरोजाबाद निवासी युवकों ने फर्जी तरीके से पांच लाख का डीजल हड़प कर लिया। युवकों द्वारा विजया बैंक की दी गयी चेक का भुगतान भी बैंक मैनेजर को लिखित पत्र भेजकर सिरसागंज निवासी युवक ने रुकवा दिया। विजय यादव ने निषी राठौर पुत्र एजेंट सिंह निवासी सिरसागंज, अरविंद पुत्र अम्बीर सिंह निवासी अरांवपुर थाना सिरसागंज जिला फिरोजाबाद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी कर पांच लाख हड़पने के आरोप में कोतवाली फर्रुखाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

विजय यादव द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गयी तहरीर में कहा गया है कि 4 मई को विजय यादव के केवी फिलिंग स्टेशन सेन्ट्रल जेल चौराहा बेबर रोड पर प्रदीप यादव नाम का व्यक्ति आया। जिसने कहा कि हम भारतीय इंटेलीजेंस सर्विस के मुनीम हैं। मोबाइल टावरों में डीजल सप्लाई करते हैं। हमारे कंपनी के मैनेजर राहुल श्रीवास्तव सिकंदरा आगरा व मालिक सूर्यवीर सिंह निवासी सिकंदरा आगरा है। इन्होंने मोबाइल पर बात करायी। जिस पर तेल देने की बात तय हो गयी। पहली डीलिंग में रुपया दे दिया। उसके बाद तेल भरवाया कहा अब चेक से भुगतान करेंगे। जिस पर विजया बैंक की पांच लाख रुपये की चेक सौंपी।
विजय यादव ने बताया कि 11 हजार 542 लीटर डीजल ये लोग ले गये, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये हुई। 21 मई को पांच लाख का भुगतान चेक संख्या 007993 से विजया बैंक में कराने के लिए पहुंचा तो पता चला कि सूर्यबीर ने अपना लिखित पत्र भेज कर बैंक मैनेजर को भुगतान न करने को कहा है।

पेट्रोल पम्प मालिक ने डीजल लेने वाले सूर्यवीर से सम्पर्क किया तो उनका मोबाइल स्विचआफ मिला। इसके बाद उसने जानकारी करने के लिए तेल लेकर जाने वाले वाहन संख्या यूपी 84 टी 11 के मालिक हरनाथ सिंह निवासी भांमत चौराहा, यदुवंश नगर, मैनपुरी से सम्पर्क किया। हरनाथ सिंह को साथ लेकर सिरसागंज स्थित एक ढावे पर गये। दीक्षा ढावा के नाम से अरविंद पुत्र अम्बीर सिंह चला रहे थे। अरविंद ने बताया कि यहां डीजल का कारोबार निषी राठौर पुत्र एजेंट सिंह निवासी सिरसागंज करते हैं। वह ट्रकों में डीजल डालते हैं। अरविंद के भाई गजेंन्द्र को पेट्रोलपम्प मालिक पकड़ लाये। देर शाम को कोतवाली पुलिस को गजेन्द्र को सौंप दिया। पूरी घटना के सम्बंध में फर्रुखाबाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गयी।
कोतवाली पुलिस ने पेट्रोलपम्प मालिक विजय यादव की तहरीर पर निषी राठौर पुत्र एजेंट सिंह निवासी सिरसागंज, अरविंद पुत्र अम्बीर सिंह निवासी अरांवपुर थाना सिरसागंज जिला फिरोजाबाद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी कर पांच लाख हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।