मेला देखने आये दो सगे भाइयों की गंगा में डूबकर मौत

Uncategorized

फर्रुखाबाद: थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम भोजपुर में गुरुवार को शाम को गंगा में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला तैलैया फजल इल इमाम निवासी अब्दुल रफीक का 12 वर्षीय पुत्र दानिश व 15 वर्षीय पुत्र इमरान गुरुवार को शेखपुर का मेला देखने अपने परिजनों के साथ आये थे। मेला में झण्डीबाजी करते हुए यह लोग भोजपुर पहुंच गये। भोजपुर से यह लोग गंगा घाट पर पहुंचे जहां दोनो भाइयों ने तरबूज खाने की योजना बनायी। तरबूज खाकर यह लोग गंगा में नहाने के लिए उतर गये। जहां पानी गहरा होने पर इन लोगों को गोते लगना शुरू हो गये।

जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक किशोरों की हालत गंभीर हो चुकी थी। क्षेत्रीय लोग दोनो को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्यकेन्द्र पहुंचे। जहां दोनो भाइयों को मृत घोषित कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक एक बच्चे को लोहिया अस्पताल भेजा गया था जहां डाक्टर द्वारा बच्चे को मृत घोषित कर देने के बाद शव को वापस ले गये।

सूचना मिलने पर फईमुद्दीन पुत्र शिराजुद्दीन ने दोनो शवों की पहचान अब्दुल रशीद के पुत्र के रूप में की। किशोरों के परिजन मौके पर पहुंच गये।

अब्दुल रफीक राज मिस्त्री का काम करता है। उसके घर में पत्नी शाहजहां के अलावा बड़ा बेटा रुतमान 18 वर्ष,  7 वर्षीय सुभान व पांच वर्षीय पुत्री निदा है। मृतक दानिश कक्षा 9 व इमरान हाईस्कूल का भारतीय पाठशाला का छात्र था। बेटों की मौत की खबर सुनते ही मां शाहजहां का रो रो कर बुरा हाल हो गया।