झुग्गी झोपड़ियों तक ही सीमित रह गया अतिक्रमण हटाओ अभियान

Uncategorized

मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): मोहम्मदाबाद नगर पंचायत के ईओ सर्वेश कुमार व लिपिक दयाशंकर वर्मा ने पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। सबसे पहले बेबर रोड स्थित ईदगाह के पास जमुना धोबी की झोपड़ी से की गयी।

मण्डी रोड पर साक्षी नगर में स्थित छेदीलाल जाटव की झोपड़ी हटायी गयी। जैसे ही आजादनगर स्थित नाहर सिंह यादव के मकान पर जेसीबी पहुंची तो उनके परिजनों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया और कहा कि हमारे पास जमीन के कागज हैं। बताया कि लिपिक ने उनसे रुपये लिये है।
ईओ ने बताया कि नाहर सिंह के मकान तक का चिन्हांकन किया गया है। उनका मकान चिन्हांकन किये गये अतिक्रमण की सीमा में आ रहा है।
वहीं नाहर सिंह का कहना है कि पड़ोस में कालिका प्रसाद का मकान भी उसी तरह से बना है जैसे उसका बना है। कालिका प्रसाद के मकान का अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। अंत में आधा मकान ही टूट पाया था तो नाहर सिंह की पत्नी व पुत्रियां जेसीबी मशीन के सामने लेट गयीं। पुलिस के पास महिला फोर्स न होने के कारण कार्यवाही वहीं रोकनी पड़ी।
रोहिला स्थित जवाहरनगर में कार्यवाही शुरू की गयी। जिसमें सबसे पहले श्रीकृष्ण फौजी की दुकान तोड़ी गयी। उसने इस शर्त पर अपनी दीवार तोड़ने दी कि विद्धान सिंह का मकान सड़क पर बना है। यदि विद्धान सिंह का मकान टूटेगा तो उसकी दीवार तोड़ दी जाये। ईओ ने बताया कि 20 फुट चौड़ी सड़क है। जिस पर विद्धान सिंह तीन फीट कब्जा किये हैं। विद्धान सिंह की पत्नी व पुत्री दीवार पर खड़े हो गये और कहा कि हम नहीं तोड़ने देंगे।
वहीं बन रही सड़क को भी ग्रामीणों ने रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि जब तक विद्धान सिंह का मकान नहीं टूटेगा तब तक मार्ग नहीं बनने दिया जायेगा। वहीं विद्धान सिंह ने कहा कि कोर्ट का स्टे आर्डर है दीवार नहीं तोड़ने देंगे।