सट्टे का नंबर निकलने की पार्टी में प्रेमिका के आशिक को गोली मारी

Uncategorized

कायमगंज  (फर्रुखाबाद) :  सट्टे में नंबर निकलने की खुशी में हुई पार्टी में नशे में धुत युवक ने अपनी प्रेमिका के दूसरे आशिक पर फायर कर दिया। घायल युवक की तहरीर पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।

कंपिल के निजामुद्दीनपुर में अधूरी बनी पड़ी कांशीराम कालोनी जुआरियों व शराबियों का अड्डा बनकर रह गयी है। अधूरे बने भवन में शाम से ही अराजक तत्वों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। आरिफ निर्माणाधीन कांशीराम कालोनी के पास अपने कुछ लोगों के साथ पार्टी में गया था। पार्टी में महफूज, शादाब, नसीम, सगीर, फिदा हुसैन, कल्लू एवं कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। देर रात नशे की खुमारी में नाजायज असलहे से किसी व्यक्ति ने फायर झोंक दिया। गोली आरिफ के लगी। गोली लगते ही अन्य लोग भाग गये।

ग्रामीणों ने बताया कि सट्टे में नंबर आ जाने की खुशी में शराब के नशे में कुछ लोग फायर कर रहे थे। पार्टी में शामिल एक व्यक्ति एवं घायल की प्रेमिका एक ही होने से रंजिशन आरिफ के ऊपर फायर किया गया। इससे उसके मुंह व  सिर पर छर्रे लगे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को चिकित्सीय परीक्षण को भेजा। कंपिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि घायल की तहरीर पर शादाब आदि पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।