प्रधान की बाइक गेहूं के खेत में मिली, अपहरण की आशंका

Uncategorized

कमालगंज (फर्रुखाबाद): जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम इस्लामगंज के प्रधान विनोद उर्फ आकाश बाबू बीते दिन अपनी मौसी के घर श्यामनगर आये थे जहां से वह घर वापस नहीं लौटे। आज सुबह ग्रामीणों ने प्रधान की बाइक गांव के ही किनारे गेहूं के खेत में देखी तो परिजनों को सूचना दी। प्रधान के परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए कमालगंज थाने मंे सूचना दी है।

बीते दिन इस्माइलगंज निवासी प्रधान विनोद कुमार पुत्र सोनेलाल दिन में दो बजे घर से यह कहकर गया था कि वह मौसी के यहां फर्रुखाबाद जा रहा है। वह श्याम नगर निवासी मौसी विमलादेवी के घर गया तो उसके साथ भतीजा हरिचरन भी था। भतीजे को मौसी के ही घर छोड़ कर वह डा0 के एम द्विवेदी हास्पिटल में किसी मरीज को देखने करीब साढ़े पांच बजे चला गया। शाम 7 बजे तक प्रधान से परिजनों की बात होती रही इसके बाद उनके नम्बर पर बात होनी बंद हो गयी।

तो परिजन परेशान हुए और उन्होंने खोजबीन शुरू कर दी। लेकिन रात में प्रधान विनोद का कहीं पता नहीं चला। तभी ग्रामीणों ने सुबह सूचना दी कि गुड्डू कटियार के गेहूं के खेत में मोटरसाइकिल पड़ी है। भाई आदेश पुत्र सोनेलाल ने जाकर देखा तो भाई विनोद की हीरोहाण्डा बाइक संख्या यूपी 76एच 6294 गेहूं के खेत में पड़ी थी। यह देख उसके होश उड़ गये और जहानगंज थाना पुलिस को सूचना दी।

प्रधान के भाई आदेश कुमार व मां सुशीलादेवी ने पुलिस को अपहरण का मुकदमा लिखने के लिए तहरीर दी है। मां सुशीलादेवी का कहना है कि उसके पुत्र का किसी ने अपहरण कर लिया है।
वहीं पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है। उसने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कहा है कि जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जायेगी। थाना पुलिस का कहना है कि यह सब नाटक रचा जा रहा है। यह अपहरण नहीं है। वहीं गांव के लोगों का कहना है कि प्रधान की गांव में कटियार समाज के कुछ लोगों से झगड़ा चल रहा था। जिससे हो सकता है कि यह उन्हें फसाने के लिए घटना रची गयी हो।