सपा कल मनायेगी लोहिया का जन्मदिन

Uncategorized

लखनऊ| समाजवादी आन्दोलन के महानायक डा. राममनोहर लोहिया का जन्म दिवस गुरूवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोहिया पार्क में मनाया जायगा। यह जानकारी समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बुधवार को दी|

राजेंद्र चौधरी ने यह भी बताया है कि समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी के समस्त जिला/महानगर अध्यक्ष, महासचिव, सांसद/पूर्व सांसद, विधायक/पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी, के पदाधिकारी/ सदस्यगण, सम्बद्ध प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष/जिला/महानगर अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष एवं प्रमुख नेतागण को परिपत्र भेजकर कहा है कि समाजवाद के चिन्तक, महान नेता डा राममनोहर लोहिया की 23 मार्च, 2012 को जन्मतिथि पर हमें उनकी नीतियों पर चर्चा के साथ उनके विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि सभी पदाधिकारियों से कहा है कि इस अवसर पर वे जिला स्तर पर गोष्ठी आदि कार्यक्रम के आयोजन करें, जिसमें पार्टी की नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को डा लोहिया के सिद्धान्तों और नीतियों से परिचित कराया जाए। समाजवादी पार्टी आज भी उनके रास्ते पर चल रही है।