बाल्मीकि कन्या से विवाह करने पर बहनोई ने साले को पकड़वाया

Uncategorized

फर्रुखाबाद : शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पक्का पुल निवासी १९ वर्षीय युवती शिखा (परिवर्तित नाम) व उसके प्रेमी २१ वर्षीय राम कुमार उर्फ़ कपूरी पुत्र सुभाष राजपूत निवासी गल्ला मंडी मऊदरवाजा को बीते दिन पुलिस ने प्रेमी के बहनोई के साथ नोएडा पहुंचकर दोनों प्रेमी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार करके लाये गए युवक राजकुमार ने बताया कि वह शिखा के साथ कुछ दिन पूर्व मंदिर में विवाह कर चुका है| वे दोनों अब पति पत्नी की हैसियत से नोएडा के सेक्टर गली नम्बर २ में रह रहे थे| राजकुमार दिल्ली में प्राईवेट नौकरी करता था| राजकुमार ने बताया की पक्का पुल निवासी शिखा के ताऊ जयराम के यहाँ उसका आना-जाना था| इसी दौरान शिखा के साथ तकरीबन दो वर्ष पूर्व राजकुमार की आँखे चार हो गयी| दोनों ने साथ साथ जीने मरने की कसमें खा डालीं| यह बात जब दोनों के परिवार वालो को पता चली तो दोनों परिवारों का खून इसलिए खौल गया कि लड़का राजपूत है और लड़की बाल्मीकि समाज की| परिवार वालों ने इस बात का जमकर विरोध किया|

काफी दिन यह सिलसिला चलने के बाद जब पानी सर के ऊपर से निकल गया तो राजकुमार लड़की को कुछ दिनों के लिए छोड़कर दिल्ली चला गया| लेकिन दूरसंचार के माध्यम द्वारा दोनों प्रेमी अपने प्रेम के पौधे को पानी देते रहे|

बीते दो माह पूर्व राजकुमार पूरी तैयारी के साथ दिल्ली से फर्रुखाबाद वापस आया| इस दौरान उसने शिखा बाल्मीकि को भी अपने साथ ले जाने का फैसला किया| मौका देखकर शिखा व राजकुमार घर से फरार हो गए और नोएडा के एक मंदिर में जाकर शादी करली| यह बात लड़के के परिजनों को इसलिए नागवारा गुजरी की लड़की छोटी जात से ताल्लुक रखती थी|

परिजनों ने दोनों के फरार होने की सुचना शहर कोतवाली पुलिस को दी। प्रेमी के जीजा नरेन्द्र कुमार निवासी कमालगंज व भाई संतोष के साथ पुलिस नोएडा पहुँच गयी और दोनों को बीती सुबह तकरीबन ८ बजे नोएडा के सेक्टर नंबर २ से हिरासत में ले लिया| प्रेमी युवक राजकुमार को शहर कोतवाली में व उसकी प्रेमिका शिखा को महिला थाना फतेहगढ़ में हिरासत में रखा गया है।

घटना की जाँच पडताल कर रहे एस.आई कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रेमी युगल को फर्रुखाबाद के बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया है| इस प्रकरण की जाँच क्षेत्राधिकारी विनोद कुमार सिंह करेंगे| वह अभी किसी काम से शहर से बाहर गए हुए है| आने पर पूछ ताछ के बाद दोनों पर कार्रवाई की जाएगी| अभी कोई भी कागजी कार्रवाई नहीं की गयी है|