न्यू ईयर पार्टी में भिड़ीं गर्ल्स कैडेट्, एक गंभीर

Uncategorized

 

कायमगंज(फर्रुखाबाद): न्यू ईयर पार्टी के दौरान कैडेट्स के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें एक कैडेट गंभीर हो गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। एनसीसी शिविर में रविवार को रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए। कैडेट्स ने फिल्मी व देश भक्ति के गानों की धुन पर जमकर धमाल मचाया।

 

नगर के शकुंतला देवी इण्टर कालेज में चल रहे 11 दिवसीय एनसीसी शिविर के दौरान शनिवार रात्रि 31 दिसम्बर पर शिविर में न्यू ईयर पार्टी का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न जिलों से आई टीमों ने भाग लिया। इस दौरान कैडेट्स ने देश भक्ति और फिल्मी गानों की धुन पर जमकर नृत्य किया। जिसमें कैडेट्स के अलावा एनसीसी व अन्य सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

न्यू ईयर पार्टी के दौरान 3 गर्ल्स अलीगढ़ बटालियन के कैडेट्स के बीच विवाद हो गया। जिसमें हमलावर हुई प्रीती ने रेखा पर बार कर दिया। जिससे रेखा की हालत गंभीर हो गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। रेखा अलीगढ़ के सुमेर की रहने वाली है। जबकि प्रीती अलीगढ़ शहर की रहने वाली है। दोनों कैडेट्स राजाराम इण्टर कालेज की छात्राएं है। शिविर की जीसीआई सीमा आर्या से जब इस संबंध में बात की गई तो सुश्री आर्या ने बताया कि मारपीट का आरोप गलत है। रात्रि में कैडेट्स खोखो खेल रहे थे। उसी दौरान रेखा के चोट आ गई। जिससे उसे अस्पताल ले जाया गया। जबकि असलियत यह है कि खोखो प्रतियोगिता दो दिन पूर्व ही आयेाजित की जा चुकी है।