तहसील दिवस पर लेखपालों की हड़ताल, फरियादी बैरंग लौटे

Uncategorized

 

कायमगंज (फर्रुखाबाद): लेखपालो के हड़ताल पर चले जाने से तहसील दिवस मे आये फरियादियो को वापस लौटना पड़ा| हडताली लेखपालो ने एसडीएम को ज्ञापन सौपकर समस्याओ का निस्तारण करने की मांग की।

 

समयमान वेतनमान को लेकर लेखपाल संघ मे पहले से आक्रोश है। समस्याओ का निस्तारण न होने से खफा लेखपाल मंगलवार को तहसील दिवस के दौरान हड़ताल पर चले गये। जिससे यहां आये फरियादियो को वापस लौटना पड़ा। लेखपालो की पूरे दिन रही हड़ताल के कारण अधिकांश काम काज ठप रहा। शाम को हड़ताल खत्म होने के बाद लेखपालो ने पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को दिया।

 

एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में लेखपालों ने कहा है कि शासन स्तर पर लंबित मांगों के अनुसार प्रदेश के लेखपालों के ग्रेड़ वेतन 24 सौ के स्थान पर 28 सौ रूपए तथा तृतीय ग्रेड वेतन 54 सौ रूपए दिया जाए। प्रदेश के राजस्व लेखपालों के रिक्त पड़े सात हजार पदों को तत्काल भरा जाए। प्रदेश के सभी राजस्व निरीक्षकों के समस्त रिक्त पदों या 10 अक्टूबर 2011 को जारी नियमावली में दी गई व्यवस्था के अनुसार लेखपालों की तत्काल पदोन्नति की जाए। वित्त विभाग के पत्र 22 नवम्बर 2011 के अनुसार राजस्व विभाग के संदर्भित संस्तुतियों के राजस्व सेवा नियमावली के विपरीत है उसे लागू न किया जाए। छठे वेतन आयोग की संस्तुति के अनुरूप 40 प्रतिशत अवशेष धनराशि का ब्याज सहित भुगतान कराया जाए।

 

ज्ञापन में लेखपालों ने कहा है कि यदि अधिकारियों ने इस ओर ध्यान न दिया तो आगामी 27 दिसम्बर को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा। 3 जनवरी को सभी लेखपाल मंडल मुख्यालाय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 17 जनवरी को राजस्व परिषद लखनऊ के प्रागंण में प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में रामाकांत गुप्ता, रामेंद्र मौर्या सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।