विषाक्त भोजन खाने से कस्तूरबा नवाबगंज की 5 छात्राएं लोहिया में भर्ती

Uncategorized

मीडिया के पहुँचने पर प्रधानाचार्य छात्राओं को लेकर खिसकी

फर्रुखाबाद: ब्लाक नवाबगंज के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की पांच छात्राएं विषाक्त भोजन खाने के कारण बीमार पड़ गयीं जिन्हें पेट दर्द की शिकायत होने पर प्रधानाचार्य शान्ति देवी ने लोहिया में भर्ती कराया व मीडिया के पहुँचने से पहले ही वह सभी छात्राओं को लेकर खिसक गयीं|

नवाबगंज में उचित जगह न होने के कारण कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हथियापुर के पुस्तकालय में काफी दिनों से चल रहा है| जिसमे आज मध्यान्ह भोजन में खिचड़ी बनायी गयी जिसमे १२ वर्षीय छात्रा शशि पुत्री राम लडैते, १२ वर्षीय गोल्डी पुत्री नवीन चन्द्र, ११ वर्षीय अंजली पुत्री राम लडैते, १२ वर्षीय गीता व १४ वर्षीय प्रिंसी पुत्री बाबूराम निवासी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ने जैसे ही खाया तत्काल उनके पेट में दर्द शुरू हो गया| पेट में दर्द की शिकायत पर कस्तूरबा गांधी विद्यालय की प्रधानाचार्य शांति देवी पीडित छात्राओं को लेकर करीब शाम ७ बजे लोहिया अस्पताल पहुँची व इमरजेंसी में डाक्टर रत्मेले को छात्राओं को दिखाया|

छात्राओं को दिखाने के बाद मीडिया के पहुँचने से पहले अस्पताल प्रशासन की बगैर जानकारी के प्रधानाचार्या छात्रों को लेकर खिसक गयी| इस सम्बन्ध में जब एबीएसए नागेन्द्र चौधरी से जब फोन पर बात की गयी तो पहले तो उन्होंने जानकारी देने में आनाकानी की तत्पश्चात बताया कि छात्राओं को बुखार की शिकायत पर लोहिया में ले जाया गया था| मैंने प्रधानाचार्या से छात्राओं को भर्ती करने के लिए कहा था लेकिन प्रधानाचार्या उन्हें लेकर पुनः विद्यालय आ गयीं|