चौकी से चंद कदम दूर बिक रहा आग व धमाके का सामान

Uncategorized

फर्रुखाबाद: दीपावली का त्यौहार नजदीक आने के कारण पटाखों की बिक्री जोरों पर हैं| प्रशासन के सख्त आदेश के बावजूद भी पटाखा कारोवारी धड़ल्ले से वस्तियों में ही बड़ी-बड़ी गोदाम लगाकर आतिशबाजी की बिक्री कर रहे हैं| इससे ऐसा लगता है कि इन व्यापारियों को अपने फायदे के सामने किसी की जान-माल की कोई परवाह नहीं है|

प्रशासन के सख्त दिशानिर्देश हैं कि कोई भी पटाखे की दुकान व गोदाम बस्ती व भीड़ भाद वाले इलाके में नहीं होनी चाहिए| अगर ऐसा करता हुआ कोई पाया जाता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी| लेकिन पुलिस की मिलीभगत से कादरीगेट चौकी के पास स्थित ओम फायर वर्क्स की गोदाम व शोरूम धड़ल्ले से चल रहा है|

आश्चर्य की बात तो यह है कि गोदाम के आस-पास बड़ी बड़ी लकड़ियों के गट्ठर बिक्री हेतु रखे गए हैं| अगर किसी कारण यहाँ कोई हादसा हो जाए तो जिले के पास केवल एक दो जर्जर फायर बिग्रेड की गाड़ियां भी शायद इनमे लगी आग को बुझाने में असमर्थ हो जायेगी| कादरीगेट चौकी के पास ओम फायर वर्क्स की गोदाम प्रशासन को दिखाई नहीं पड़ रही है।