सिटी मजिस्ट्रेट ने एक क्विंटल मिलावटी खोया गंगा में डलवा

Uncategorized

 

फर्रुखाबाद: दीपावली के करीब आने के साथ ही बाजार में खोये की मांग बढ़ गयी है। इसे पूरा करने के लिये इन दिनों व्यापारी शकरकंद, आलू, चावल, अरारोट से बना मिलावटी खोया धड़ल्ले से बाजार में खपा रहे हैं। शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट भगवान दीन ने खाद्य निरीक्षकों के साथ शहर की चौक स्थित खोया मंडी में छापा मारा। अधिकारियों के पहुंचते ही खोया मंडी में  भगदड़ मच गयी। अधिकांश खोया व्यापारी तो फड़ छोड़ कार भाग गए, जिससे मात्र तीन नमूने ही लिये जा सके। जांच के दौरान पाया गया करीब एक क्विंटल मिलावटी खोया जब्त कर गंगा में डलवा दिया गया।

शुक्रवार प्रात: नगर मजिस्ट्रेट भगवानदीन मुख्य खाद्य निरीक्षक मानसिंह निरंजन की टीम के साथ अचानक चौक स्थित खोया मंडी पहुंचे। अधिकारियों को देखते ही खोया मंडी में भगदड़ मच गयी। व्यापारी खोया से भरी बाल्टी व परात आढ़तियों की दुकानों पर छोड़कर भाग गए। खाद्य विभाग की टीम ने आढ़ती सुशील दुबे निवासी कूंचा भवानी दास की दुकान से पुत्तूलाल निवासी ग्राम बिरसिंगपुर थाना राजेपुर व ननकू सक्सेना निवासी भरतपुर थाना मिर्जापुर जनपद शाहजहांपुर के खोये का नमूना लिया। आढ़ती जगदीश प्रसाद दीक्षित निवासी अढ़तियान के यहां से राधेश्याम निवासी ग्राम बिरसिंगपुर थाना राजेपुर के खोये का नमूना लिया गया। पुत्तूलाल खिसक गए, परंतु उनके खोये में खाद्य अधिकारियों ने जांच के लिए आयोडीन टिंचर डाला तो खोया काला पड़ गया। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर खोया जब्त कर लिया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अरारोट, चावल, आलू आदि की मिलावट का खोया बिकने का शक है। नमूना परीक्षण को भेजे जायेंगे। शक में करीब एक क्विंटल मिलावटी खोया जब्त किया गया। उसे गंगा में डलवा दिया।