दबंगों की दबंगई दलित महिला को निर्वस्त्र कर सरेआम गांव में घुमाया

Uncategorized

लखीमपुर खीरी: प्रदेश में अभी भी दबंग कानून का खुलेआम मजाक उड़ा रहे हैं। लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में दबंगों का आतंक देखने को मिला जब कुछ दंबगों ने एक दलित महिला को निर्वस्त्र कर सरेआम गांव की गलियों में घुमाया। दबंगों का शक था कि महिला का पति उनकी विवाहित बहन को भगा ले गया। महिला को अगवा कर रात भर मारने पीटने के बाद दबंगों ने यह कृत्य किया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपी चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रदेश में भले ही दलितों की सरकार हो लेकिन दलितों पर उत्पीडऩ कम नहीं हो पा रहा है। लखीमपुर खीरी के ईसानगर थानान्तर्गत चन्दुवापुर गांव में रहने वाले दो सगे भाइयों प्रमोद व रामचन्द्र ने मानवता की सारी हदें पार कर दी। दोनों भाइयों ने अपने मिश्र महेश व लोने के साथ मिलकर गांव की 42 वर्षीय दलित महिला राम दुलारी को अगवा कर लिया। इन लोगों को शक था कि महिला के पति दरबारी लाल उनकी विवाहित बहन को भगा ले गया था। पुलिस अधीक्षक अमित चन्द्रा के अनुसार प्रमोद व रामचन्द्र शुक्रवार की रात राम दुलारी के घर पहुंचे और उसके पति दरबारी लाल के बारे में पूछा।

राम दुलारी ने कहा कि उसे जानकारी नहीं है। उसने बताया कि दरबारी लाल दिन से ही घर से गायब हैं और अभी तक घर नहीं लौटें है। इसके बाद चारों लोग गाली गलौज करने लगे। आस-पास भीड़ जमा हो गयी। दबंगों ने राम दुलारी को उसके घर से अगवा कर लिया और अपने घर ले गए। पुसिल ने बताया कि घर ले जाने के बाद दबंगों ने राम दुलारी को काफी यातनाएं दी।

उन्हें शक था कि दरबारी लाल उनकी विवाहित बहन जयन्ती को भगा ले गया है। रात भर यातनाएं देने के बाद भी जब उनका दिल नहीं भरा तो सवेरा होने के बाद उन्होंने राम दुलारी को गांव की सड़कों पर भगाया। काफी दौड़ाने के बाद उन्होंने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे पीटते रहे। राम दुलारी निर्वस्त होकर बदहवास गांव की गलियों में भागती रही तथा मदद की गुहार करती रही लेकिन किसी ने भी उसे बचाने की कोशिश नहीं की। इस बीच एक युवक जियालाल ने जब उसे बचाने की कोशिश की तो दबंगों ने उसे भी पीटना शुरू कर दिया।

आखिरकार किसी प्रकार यह जानकारी पुलिस तक पहुंच गयी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक सबकुछ शांत हो चुका था। रामदुलारी ने पुलिस को आपबीती सुनायी जिसके बाद पुलिस ने चारों दबंगों को गिरफ्तार किया। पुसिल ने रामदुलारी को चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों को खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 143, 452, 342, 232 तथा 509 के तहत गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।