दुष्कर्म की रिपोर्ट न बताने पर सपाईयों ने डाक्टर से बदसलूकी की

Uncategorized

फर्रुखाबाद: किशोरी के साथ दुष्कर्म की रिपोर्ट न बताये जाने से गुस्साए सपाईयों ने लोहिया अस्पताल में हंगामा मचाकर एवं गाली-गलौज कर महिला डाक्टर के साथ बदसलूकी की|

सुबह से पीड़ित किशोरी का डाक्टरी परीक्षण करवाने की पैरवी करने वाले समाजवादी पार्टी के नेता बड़ी बेसव्री से जांच रिपोर्ट मिलने की जानकारी का इन्तजार कर रहे थे| डाक्टरी परीक्षण करने वाले डॉ शोभा मिश्रा ने कहा कि सीएमओ जांच रिपोर्ट की जानकारी देंगें| इसी बात से गुस्साए पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, ओम प्रकाश शर्मा, रजत क्रांतिकारी, चाँद मोहम्मद आदि ने डाक्टर को इमरजेंसी कक्ष में घेर कर हंगामा मचाया|

भयभीत लोहिया अस्पताल की कार्यवाहक मुख्य चिकित्साधिकारी बचती हुई अपने कार्यालय जा पहुँची| सपाई भी पीछा करते वहां पहुँच गए| जिन्होंने स्लाईड की रिपोर्ट में हेराफेरी किये जाने की आशंका व्यक्त करते हुए लोहिया अस्पताल व प्रशासन मुर्दाबाद की नारेवाजी की|

सपाईयों की डॉ शोभा से नोकझोंक होने पर लैब टेक्नीशियन राजेश ने डाक्टर का पक्ष लिया तो सपाईयों ने उन्हें गाली-गलौज कर पीटने की चेतावनी दी| जिससे राजेश भयभीत होकर खामोश हो गया| सपाईयों ने डाक्टर पर आरोप लगाया कि यदि तुम्हारी बेटी होती तो तुम इसी तरह का कार्य करतीं| काफी दवाव बनने पर डाक्टर ने बताया कि चोटों को देखते हुए लड़की के साथ दुष्कर्म होने की संभावना है|

सपाईयों ने दवाव डालकर डॉ सिंह विक्रम कटियार से किशोरी के शरीर पर आई चोटों का डाक्टरी परीक्षण कराया| डॉ कटियार ने भी रिपोर्ट के जानकारी देने से मना करते हुए कहा कि वह डाक्टरी रिपोर्ट सीएमओ को भेजेंगे|