मंत्रियों की संपत्ति: पीएम के पास 3 करोड़ की एफडी, 2 करोड़ का मकान

Uncategorized

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पास २.७ करोड़ रुपए के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में फिक्स डिपोजिट हैं। इसके अलावा उनके पास करीब ९० लाख का चंडीगढ़ में मकान और दिल्ली के बसंतकुंज में ८८ लाख का फ्लैट है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हाल ही में सभी कैबिनेट सहयोगियों को अपनी संपत्ति का विवरण अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में प्रधानमंत्री की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारियों के अनुसार, केवल दो मंत्रियों ने अपने बिजनेस के बारे में सार्वजनिक रूप से खुलासा किया है। यह विवरण २००९-१० का है।

कमलनाथ के ब्योरे के अनुसार उनकी, या उनके परिवार की २३ कंपनियों में हिस्सेदारी है। इसी तरह मुरली देवड़ा ने कहा कि उनकी पत्नी की दो कंपनियों में बड़ी भागीदारी है।

अन्य मंत्रियों की जानकारी इस प्रकार है।

पी चिदंबरम – करीब १.०४ करोड़ की संपत्ति है, जिसमें तीन कंपनियों के शेयर भी शामिल हैं। इसके अलावा करीब ३५ लाख की दूसरी संपत्ति, दो कार आदि के साथ वे एक साइकिल भी रखते हैं।

एके एंटोनी- एक लाख से भी कम की सेविंग है। एक मकान और एक प्लॉट, १५-१५ लाख कीमत के पत्नी के नाम हैं। सैकेंड हैंड वैगन आर कार है, और इसके लिए भी उन्होंने १.३६ लाख का लोन लिया है।

प्रणव मुखर्जी – कुल १.१ करोड़ की संपत्ति, जिसमें दो फ्लैट और एक जमीन का टुकड़ा शामिल है।

एसएम कृष्णा – २.३४ करोड़ की अचल संपत्ति और ४.८१ लाख की चल संपत्ति है। करीब ३ लाख का निवेश है औऱ १२ लाख की सेविंग है। पत्नी की कुल संपत्ति २१ लाख की है।

सलमान खुर्शीद – करीब २.३५ करोड़ रुपयों के पांच प्लाट, खुद और परिवार के सदस्यों के नाम हैं। ५० लाख कीमत का दिल्ली में एक फ्लैट है। पत्नी के पास गोवा में ८.२५ लाख रुपए कीमत के दो फ्लैट। परिवार के नाम नगदी करीब २.२५ लाख रुपए है।

कमलनाथ – करीब २३ कंपनियों में निवेश है। इनमें स्पॉन मोटल्स प्राइवेट लिमिटेड, स्पॉन एयर प्राइवेट लिमिटेड. स्पॉन एग्रो प्रोपर्टीज, स्पॉन प्लांटेशन, स्पॉन बीच रिसोर्ट्स और ईएमसी अलॉय शामिल हैं। दिल्ली के पास सुल्तानपुर में २.६७ करोड़ की जमीन है और करीब १.४१ करोड़ का बैंक बैलेंस है। पत्नी के पाल २.३ करोड़ की संपत्ति है. दो बेटों और एक बहु के २० से ज्यादा कंपनियों में शेयर हैं।

शरद पवार – पवार के पास केवल ७ करोड़ की चल संपत्ति है, जिसमें पत्नी की संपत्ति भी शामिल है। अतल संपत्ति ३.६ करोड़ रुपए की है और करीब ४६.५ लाख रुपए बैंक में जमा हैं। पत्नी के नाम १.०५ करोड़ रुपए जमा हैं।

मुरली देवड़ा – ६२ लाख का मकान है। एक प्लाट की कीमत ९३ लाख है। इसके अलावा देवड़ा ब्रदर्स में हिस्सेदारी है। चल संपत्ति ४.६४ करोड़ रुपए की है. पत्नी की ला मेंशन कंपनी है और ९.०१ करोड़ की संपत्ति है। इसके अलावा पत्नी की एक्यूमैन प्रापर्टीज और स्टेवैल प्रापर्टीज में भी हिस्सेदारी है।

दयानिधि मारन – करीब ४६ लाख की सेविंग और १ करोड़ का डिपोजिट है। आरआईएल, रिलायंस कम्युनिकेशन, आरएलआरएल आदि कंपनियों में शेयर हैं। पत्नी के पास ५२.१५ लाख रुपए के जेवर हैं। उनके भी पांच कंपनियों में शेयर हैं।

कपिल सिब्बल – सिब्बल के पास १६.२५ करोड़ रुपए की अचल संपत्ति और ६५ लाख रुपए बैंक में जमा हैं। शेयरों में ४० लाख निवेश हैं। पत्नी के पास करीब २० लाख के जेवर हैं। दूसरी संपत्ति मिलाकर, ४.७५ करोड़ रुपयों की संपत्ति है। परिवार में पांच कारें हैं।