गर्मी से हर कोई बेहाल,पारा पहुँचा 44 डिग्री के पार

FARRUKHABAD NEWS UP NEWS जिला प्रशासन सामाजिक सुविधाएँ

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) इन दिनों जिले में गर्मी अपने रिकार्ड स्तर पर है। पिछले सात दिन से गर्मी ने हर किसी को परेशान कर रखा है। बुधवार को जहां रिकार्ड तापमान रहा वहीं बृहस्पतिवार को तापमान में हल्की गिरावट रही।उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। घर के बाहर हो या फिर अंदर, कहीं भी राहत मिलती नहीं दिखी। गर्म हवा और उमस ने लोगों को बेचैन कर दिया है।मई के आखिरी सप्ताह में गर्मी ने आम जनजीवन के साथ पशु-पक्षियों को बेहाल कर दिया है। बृहस्पतिवार सुबह बदली रही,लेकिन हवा में गर्माहट रही, जिससे उमस ने पसीने से तरबतर किया। इस कारण सुबह से ही लोगों को गर्मी ने बेहाल कर दिया। कामकाजी लोग गर्मी के कारण घर से समय से पहले निकले और कार्यस्थल पहुंचने के बाद वहां से शाम को ही बाहर निकले।

पंखे और कूलर फेल, रात में भी चैन नहीं
पंखे व कूलर हवा तो दे रहे हैं पर गर्मी के कारण इससे राहत नहीं मिल रही है। उमस से लोग परेशान हैं। आसमान में बादल छाने से फौरी राहत मिली। दोपहर के समय तीन किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली, जिसने शरीर को झुलसा दिया। एक भी पल राहत नहीं मिली। सड़कों और बाजारों में सन्नाटा रहा तो हर तरफ गर्मी का ही प्रकोप दिखा। इतनी गर्मी पड़ रही है कि रात के समय लोगों को नींद नहीं आ रही है। कूलर फेल हो चुके हैं।