चुनाव में हिंसा की कोई जगह नहीं,सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर

राष्ट्रीय लोकसभा चुनाव 2024 सामाजिक

डेस्क:लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों के एलान को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार व सुखबीर सिंह संधु भी मौजूद हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि देश में 97 करोड़ रजिस्टर्ड मतदाता हैं। जिनमें से 49.7 करोड़ पुरुष और 47 करोड़ महिलाएं हैं। वहीं1.82 करोड़ मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। हालांकि, 21.50 करोड़ युवा मतदाता चुनाव में हिस्सा लेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के जितने भी मतदाता हैं उनके घर जाकर मतदान करवाया जाएगा। इस बार देश में पहली बार ये व्यवस्था एक साथ लागू होगी कि जो 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता हैं और जिन्हें 40% से अधिक की विकलांगता है, उनके पास हम फॉर्म पहुंचाएंगे अगर वो मतदान का ये विकल्प चुनते हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव में खून-खराबे और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। हमें जहां से भी हिंसा की सूचना मिलेगी, हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।हम देश को वास्तव में उत्सवपूर्ण, लोकतांत्रिक माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होने वाला है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की विधानसभाओं का कार्यकाल भी जून 2024 में समाप्त होने वाला है।