कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान को उमड़ी आस्था, गंगा में लगायी आस्था की डुबकी

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर पांचाल घाट गंगा तट पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था व श्रद्धा के साथ डुबकी लगाई। पड़ोसी जनपदों से भी काफी तादाद में श्रद्धालु गंगा स्नान को पहुंचे। रविवार की देर रात से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरु हो गया था। सोमवार को लोगों की काफी भीड़ जमा हो गयी थी। ऑटो, ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों के अलावा ट्रेन से भी काफी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे थे।
कार्तिक पूर्णिमा सह देव दीपावली के अवसर पर गंगा घाट पर सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा स्नान करने उमड़ी। लोग नें पवित्र गंगा में स्नान कर दीप दान कर सुख-शांति की कामना की। गंगा किनारे लोग विधि-विधान से पूजा कर दीपक गंगा नदी में छोड़ा। गंगा किनारे देव दिवाली मनाया गया। कोई मिट्टी का दीपक तो कोई नारियल का गुच्छा में दीप जलाकर मां गंगा में दान किये। शहर के श्याम नगर निवासी 50 वर्षीय सर्वेश कुमार अपनी पत्नि के साथ पांचाल घाट पर पहुंच गंगा स्नान किया और मां गंगा का चुनरी व साड़ी और पन प्रसाद चढ़ाकर नमन किया। इसी तरह पहुंचने वाले हर लोग दीपों का दान करना नहीं भूलते थे। गंगा घाट पर पहुंचे हर किसी नें पूरे विधि-विधान से गंगा नदी में खड़ा होकर पूजा-अर्चना किया और अपने कुल देवता को याद कर नमन किया। नगर मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र नें पांचाल घाट का भ्रमण कर व्यवस्था को परखा|
ये हैं मान्यताएं
कार्तिक माह काफी पवित्र माना जाता है। कार्तिक माह के अवसर पर पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान करने की परंपरा सदियों से है। साथ ही हवन, दान, जप, तप आदि धार्मिक कार्यों का भी विशेष महत्व बताया गया है। विष्णु पुराण के अनुसार, इस दिन भगवान नारायण ने मत्स्यावतार लिया था। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर दान-पुण्य करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी।