सुहागिनों ने किया पति के साथ चांद का दीदार

FARRUKHABAD NEWS



फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सुहागिनों ने अपने पति का चेहरा चलनी में चांद के दीदार के साथ देख करवाचौथ का व्रत तोड़ा। पति ने पत्नी को पानी पिला कर व्रत का पारण कराया। शहर और आसपास में चांद की दीदार का महिलाएं इंतजार करती रही। श्रद्धा और समर्पण के साथ सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत पूजन कर कथा का श्रवण किया। उपवास में रहने के बाद भी चेहरे से प्रसन्नता छलकती रही। शाम में शहर के छतों पर चारो ओर करवा चौथ की धूम थी।



सुहागिन महिलाओं के लिए करवा चौथ का त्योहार सबसे अहम होता है। इस दिन का सुहागिने बहुत बेसब्री से इंतजार करती हैं। बुधवार को पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उल्लास देखा गया। सुबह से ही व्रत पर्व की तैयारियां होने लगीं। महिलाओं ने व्रत रखा
और पूरे दिन तैयारियों में व्यस्त रहीं। शाम होते ही सुहागिनें चांद दिखने का इंतजार करने लगीं। चांद निकला या नहीं यह देखने के लिए सुहागिन महिलाएं बार-बार छत पर आती जाती देखी गयीं। देर शाम को चांद दिखा तो सुहागिनें पूजा की थाल लेकर छतों पर पहुंच गयीं और विधिविधान से पूजा अर्चना पति की लंबी आयु देने की प्रार्थना भगवान से की। इसके बाद पति के दर्शन करने के बाद अपना व्रत तोड़ा। दूसरी ओर चांद के दिखने पर लोगों ने खुशी का इजहार किया और पटाखे दागे। पर्व को लेकर देर रात तक उल्लास का माहौल नजर आया। सुहागिन महिलाएं पर्व को लेकर व्यस्त रहीं। पर्व पर चहल पहल बनी रही।