धूमधाम से निकली प्रभु श्रीराम की बारात

FARRUKHABAD NEWS


फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर रठौरी में चल रही रामलीला में शुक्रवार की रात श्री आदर्श रामलीला कमेटी द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। बारात में शामिल सैकड़ों लोग गाजे-बाजे के साथ जहां नाचते थिरकते रहें तो जमकर जयकारे भी लगाए गए। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रीराम बरात का स्वागत किया गया|

श्रीराम बारात शोभा यात्रा बक्सपुर से राजेपुर कस्बा में निकाली गई| इसके पश्चात विधि विधान से भगवान श्रीराम व जगत जननी जानकी के विवाह का मंचन सम्पन्न कराया जायेगा। बताते चलें कि श्रीराम विवाह की तैयारियां शुक्रवार को सुबह से चल रही थी। शाम लगभग 6 बजे रथ पर सवार होकर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न, गुरु विश्वामित्र व राजा दशरथ सहित अन्य परिवारजन रवाना हुए। जगह जगह भक्तगणों ने रथ रोककर प्रभु श्रीराम व लक्ष्मण की आरती के साथ पुष्पवर्षा की। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम,लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन के स्वरूप, गुरु विश्वामित्र, भगवान गणेश, हनुमान जी, भगवान शंकर-पार्वती, शेरावाली मां, राधा-कृष्ण की झांकियां नें दर्शकों का मन मोह लिया| इस दौरान लगभग दो दर्जन झांकीयां व काली अखाड़ा के साथ बैंड बाजों की धुन पर लोग भगवान श्रीराम की बारात में नाचते गाते जयकारा लगाते चल रहे थे| राजेपुर-डाबरी मार्ग चौराहा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कस्बा तिराहा पर राम लक्ष्मण की आरती हुई| रामलीला मैदान में पहुंचकर बारात विराम हुई| सुरेंद्र सिंह फौजी, उमेश सिंह फौजी, सुमित तिवारी ,गौरव सिंह के साथ ही सुरक्षा को लेकर थानाध्यक्ष दिवाकर प्रसाद सरोज मौके पर मौजूद रहे|