संस्कार भारती नें कला साधकों को किया सम्मानित

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)कला एवं साहत्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की ओर से रविवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कला साधकों को सम्मानित किया गया।
महादेव प्रसाद स्ट्रीट स्थित नटराज भवन में गुरु पूर्णिमा उत्सव एवं कला साधक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ राष्ट्रीय कवि डॉ. शिवओम अम्बर, प्रांतीय महामंत्री सुरेंद्र पाण्डेय, अध्यक्ष डॉ नवनीत गुप्ता, सचिव दिलीप कश्यप ने भगवान नटराज का पूजन करने के बाद दीप प्रज्जवलित व माल्यार्पण कर किया। मानस मर्मज्ञ संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष नवीन मिश्रा नब्बू द्वारा ‘हे मेरे गुरुदेव करुणा, सिंधु करुणा कीजिए, हूं अधम आधीन अशरण, अब शरण में लीजिए, गुरु वंदना की प्रस्तुति दी गई । संगीत विधा प्रमुख गौरव मिश्रा बंटी ने ‘सारे तीरथ धाम आपके चरणों में, हे गुरुदेव प्रणाम आपके चरणो में, भजन प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय कवि डॉ. शिवओम अम्बर ने आषाढ़ी के दिन पढ़ने वाली गुरु पूर्णिमा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर पूर्णिमा किसी न किसी विशेष दिन के लिए जानी जाती है। गुरु जीवन में अंधकार को खत्म कर प्रकाश भरने का काम करते हैं। प्रांतीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि गुरु शिष्य परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। बिना गुरु के हमारे जीवन की कल्पना ही संभव नहीं है। संस्कार भारती प्रति वर्ष गुरु पूर्णिमा उत्सव एवं कला साधक सम्मान समारोह में कला गुरुओं व कला साधकों का सम्मान करती है। राष्ट्रीय कवि डॉ. शिवओम अम्बर को जोधपुर में आयोजित कवि सम्मेलन में मनहर सम्मान मिलने पर संस्था द्वारा उनको सम्मानित किया गया। इसके बाद नाट्य विधा में पिछले कई वर्षों से योगदान व कला साधना करने के लिए थानाध्यक्ष मऊदरवाजा अमोद कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। साहित्य क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से लेखन करने के लिए विजय सिंह कुशवाहा, राधेश्याम को सम्मानित किया गया । लोक कला को बढ़ावा देने के लिए बसेली से आये राजाराम पाण्डेय, प्राचीन कला में योगदान व इतिहास की जानकारी के लिए पर्यटन अधिकारी चित्रगुप्त श्रीवास्तव, संगीत क्षेत्र में योगदान के लिए मुदित टंडन, चित्रकला के क्षेत्र में योगदान के लिए केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक कविलास राम को सम्मानित किया गया। नृत्य कला में योगदान के लिए गुलशन जहां को सम्मानित किया गया। इस दौरान कोषाध्यक्ष अर्पण शाक्य, अनुभव सारस्वत, प्रवेश वर्मा प्रीतू, अरविंद दीक्षित, दिलीप कश्यप, शशीकांत पांडेय, कवि महेश पाल सिंह उपकारी, हेमलता श्रीवास्तव, नेहा सक्सेना, चित्रा अग्निहोत्री, भूपेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूदरहे।