विवाहिता को जलानें में पति, ससुर व ननद पर एफआईआर

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सोते समय पत्नी को गर्म पानी डाल कर जलाने के मामले में पति, ससुर और ननद फंस गई है। पिता ने तीनों लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व जान लेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का उपचार लोहिया अस्पताल में हो रहा है।
फतेहगढ़ कातवाली क्षेत्र के मोहल्ला बनखड़िया निवासी इंद्रकांत की शादी कन्नौज के थाना तिर्वा के गांव नजरापुर निवासी रामप्रकाश की पुत्री अनासिका के साथ हुई थी। दंपत्ति में अक्सर विवाद होता था। सोमवार की रात पति के आने से पहले पत्नी सो गई। रात में पति आए तो ससुर ने कुंडी खोली। पत्नी को सोता देखकर पति को गुस्सा आ गया। उसने पानी गर्म किया और सो रही पत्नी के ऊपर डाल दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। ससुरालीजनों ने उसका उपचार भी नहीं कराया। मंगलवार की सुबह अनासिका ने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। भाई अमर सिंह दोपहर में बहन के घर आए और उसको लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम पिता रामप्रकाश व अन्य लोग भी आ गए। पिता ने पति इंद्रकांत, उसके पिता रामसेवक व ननद प्रभा के खिलाफ तहरीर दी। इसमें कहा कि पुत्री की शादी सात साल पूर्व हुई थी। उसके एक पुत्री भी है। ससुरालीजन आए दिन सोने की चेन दिलाने की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने से नाराज ससुरालीजनों ने पुत्री को जान से मारने की नीयत से जला दिया। इससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।