भीषण गर्मी : तप रही धरती, तड़प रहे लोग

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दिन व दिन बढ़ती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तीखी धूप ने ऐसा तांडव मचाया है कि लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। तेज धूप होने के कारण हवा भी इतनी गर्म हो गई है कि हीट स्ट्रोक होने का खतरा बढ़ गया है। बीते दिनों हुई बारिश से कुछ राहत जरुर मिली लेकिन हालत फिर भीषण गर्मी वाले हो गये| शुक्रवार को भीषण गर्मी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्तरहा । सुबह 10 बजते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। आदमी के साथ भीषण गर्मी में जानवर भी बेहाल हैं। जानवर प्यास बुझाने के लिए पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आते हैं। चिलचिलाती गर्मी ने जनजीवन प्रभावित किया है। लोग दिनभर गर्मी में पसीने से तर-बतर होकर झुलसने को मजबूर हैं। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को फर्रुखाबाद का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया|
शुक्रवार को ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे आसमान से आग बरस रही है। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि ने लोगों को झुलसा दिया है। गर्मी ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। गर्मी इतनी अधिक पड़ रही है कि लोग अपने घरों से निकलने में परहेज करने लगे हैं। साथ ही दिन के समय चलने वाली लू ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। चल रही गर्म हवाओं के कारण लोगों का शरीर झुलस रहा है। लोग पूरे शरीर को कपड़ों से ढककर घरों से निकलने को मजबूर हैं। गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही दिन के समय शहर व गांवों की सड़क व गलियां सुनसान हो जाती हैं। गलियों में इक्का-दुक्का लोग ही नजर आते हैं। लोग घरों से निकलने में परहेज करने लगे हैं। दिन के समय मार्केट में दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करने को मजबूर हैं। वहीं भीषण गर्मी व तेज गति से चल रही गर्म हवाओं में सबसे अधिक परेशानी दुपहिया वाहन चालकों को आ रही हैं। ठंडे पेय पदार्थ के दुकानों पर भीड़ नजर आ रही है| आम जूस से लेकर कोल्डड्रिक की बिक्री बढ़ गई है।