रोडवेज बस की टक्कर से दो बाइक सवार घायल

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ में डीएम आवास के नजदीक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इससे वहां पर भीड़ लग गई। एंबुलेंस समय से न पहुंचने पर पुलिस कर्मी दोनों घायलों को ईरिक्शा से लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे।
जिला हरदोई के थाना शाहाबाद क्षेत्र के बासित नगर निवासी चचेरे भाई सरोज और कुलदीप बाइक से कमालगंज क्षेत्र में भोजपुर निवासी बहनोई बृजेश कुमार के घर गए थे। वहां से गुरुवार शाम चार बजे बाइक से घर लौट रहे थे। फतेहगढ़ नगर में कचहरी से डीएम आवास होती जाने वाले मार्ग से होकर जा रहे थे। डीएम आवास को जाने वाले मार्ग के नजदीक कानपुर जा रही बांदा डिपों की रोडवेज बस ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। बाइक अगले पहिया में घुस गई। चालक ने बस को वही रोक दिया। हादसे में बाइक सवार दोनों चचेरे भाई घायल हो गए। घटना स्थल पर भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहंची और घायलों को सड़क किनारे करने के बाद एंबुलेंस को फोन मिलाया। एंबुलेंस न पहुंचने पर पुलिस दोनों घायलों को ईरिक्शा से लेकर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची और भर्तीकराया।