मोहम्मदाबाद व कंपिल में भाजपा की जमानत जब्त

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में आने वाली नगर पंचायत मोहम्मदाबाद और कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में आने वाली नगर पंचायत कंपिल में भाजपा की जमानत तक नहीं बच पाई। जबकि इन दोनों विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के विधायक हैं। बसपा, सपा, कांग्रेस, आप को भी कुछ नगर पंचायतों में अपनी जमानत बचाना मुश्किल पड़ गया है।
नगर पंचायत मोहम्मदाबाद में अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में 13331 वोट वैध घोषित हुए। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद रशीद को 2988 मत, सपा प्रत्याशी हरीश यादव को 3066 वोट, निर्दलीय प्रत्याशी ऊषा देवी को 3824 वोट मिले। निर्दलीय प्रत्याशी ऊषादेवी विजय घोषित हुई थी। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार को 1592 वोट, आप के प्रत्याशी राजेश सिंह यादव को 97 वोट, बसपा प्रत्याशी सुशील को 2079 वोट हासिल हुए, जो कुल वैध पड़े मत 13331 के पांचवें हिस्से 2666 से कम हैं। इस कारण भाजपा, आप और बसपा प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई है। नवाबगंज नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी धर्मेंद्र को 1369 वोट, आप प्रत्याशी कांशीराम को 99 वोट, सपा प्रत्याशी विनीता को 513 वोट और बसपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र को 334 वोट मिले। जो कुल पड़े वैध मत के पांचवें हिस्से से काफी कम है। इस कारण इनकी भी जमानत जब्त हो गई है। कायमगंज की भाजपा विधायक डॉ1 सुरभि के क्षेत्र में नगर पंचायत कंपिल आती है। इस नगरपंचायत के भाजपा प्रत्याशी कमल किशोर पांडेय को 1573 वोट हीं मिल पाए। आप प्रत्याशी अमित कुमार को आठ वोट, कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र कुमार को 37 वोट हासिल हुए। यह वोट कुल पड़े वैध मत 8493 के पांचवें हिस्से से काफी कम हैं। इस कारण भाजपा, कांग्रेस, आप प्रत्याशी की जमानत राशि नहीं बच पाई। शमसाबाद नगर पंचायत भी कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में आती है। यहां तो भाजपा प्रतयाशी शैफाली गुप्ता ने सपा की जोया शाह से खूब टक्कर ली थी, लेकिन भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी नहीं बचा पाई थी। इस नगर पंचायत में बसपा की रीता दुबे को 338 वोट, आप के विमला देवी को 315 वोट, कांग्रेस प्रत्याशी शीवा परवीन को 843 वोट मिले। इन तीनों लोगों की जमानत जब्त हो गई है। कायमगंज नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद सरवर हुसैन को 2479 वोट, सपा प्रत्याशी देवकी नंदन को 725 और बसपा प्रत्याशी अभिषेक को 156 वोट मिले। इन तीनों की भी जमानत राशि जब्त हो गई है। नगर पालिका सदर में कांग्रेस प्रत्याशी मुमताज बेगम को 1105 वोट मिले, आप की राधा श्रीवास्तव को 1872 वोट मिले। इन दोनों लोगों की भी जमानत राशि जब्त हो गई है।