गेहूं की खदाई करते समय साथी ने युवक को मारी गोली

FARRUKHABAD NEWS

फर्रूखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) खेत में गेहूं की खदाई करते समय विवाद होने पर साथी ने युवक को गोली मार दी। पेट में गोली लगते ही वह खेत में गिर पड़ा। हमलावर वहां से भाग गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी नवाबगंज भेजा। वहां से घायल को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया है। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने उसको सैफई रेफर कर दिया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बराकेशव निवासी सुरजीत यादव के खेत में शनिवार रात गेहूं की खदाई होनी थी। सुरजीत यादव गांव में रहने वाले रामदीन के 32 वर्षीय पुत्र रोहित यादव और गांव के एक अन्य युवक को अपने साथ खेत पर गेहूं की खदाई कराने रात 11 बजे बुला ले गए। सुरजीत यादव कुछ काम से इधर-उधर हो गए। खदाई करते समय रोहित यादव का दूसरे युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों में मारपीट होने पर दूसरे युवक ने तमंचा निकाल कर रोहित यादव पर फायर कर दिया। गोली पेट में लगते ही वह रोहित वहीं गिर पड़ा। हमलावर युवक वहां से भाग गया। गोली की आवास सुनकर सुरजीत यादव व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। रोहित यादव को खेत में घायल पड़ा देखा। उसके घर वालों को घटना की जानकारी दी। पुलिस भी घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी नवाबगंज में भर्तीकराया। हालत में सुधार न होने पर डाक्टर ने घायल को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसको लेकर लोहिया अस्पताल आए। यहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ। रात साढ़े तीन बजे डॉक्टर ने घायल हो सैफई रेफर कर दिया। परिजन उसको लेकर चले गए। सीओ अरूण कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और पूछताछ की। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा ने बताया कि दो लोगों को पकड़ा है, उनसे पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।